जुंडला, 21 दिसम्बर: वेद प्रचार समिति करनाल के तत्वाधान में चल रही आठ दिवसीय वेद प्रचार यात्रा करनाल के गांव दादुपूर पहुंची। इस दौरान यात्रा का दादुपूर आर्य समाज में ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर यात्रा का नेतृत्व कर रहे गुरूकूल झज्जर के आचार्य विजयपाल द्वारा ग्रामीणों के बीच यज्ञ करवाया गया व ग्रामीणों को यज्ञोपवित का महत्व बताते हुए उन्हें यज्ञोपवित धारण करवाए। इस अवसर पर वेद प्रचार यात्रा की अध्यक्षता कर रहे आर्ष पाणिनी गुरूकूल नलवी खुर्द के संचालक स्वामी सम्पूर्णानन्द सरस्वती ने कहा कि दादुपूर गांव महर्षि दयानन्द सरस्वती के विचारों से प्रभावित देश का एक ऐसा गांव है, जहां आर्य समाज मंदिर के अलावा कोई दुसरा मंदिर ही नहीं है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि इस आर्य समाज मंदिर में पूरे गांव से हर समुदाय के लोग पूरी एकता के साथ नियमित संध्या व यज्ञ करते हैं। इसके साथ ही पूरा गांव महर्षि दयानन्द सरस्वती के विचारों पर चलते हुए कार्य कर रहे हैं। इसलिए दादुपूर गांव को आर्य यानि श्रेष्ठ गांव के नाम से जानना चाहिए।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने वेद प्रचार यात्रा में शामिल संतो व अन्य को सम्मानित किया व कहा कि यात्रा में शामिल सभी सदस्य वास्तव में पूरे जिले में वेद यात्रा निकालकर सराहनीय कार्य किया है। इस अवसर वेद प्रचार यात्रा के संयोजक दिलबाग आर्य, यात्रा के सह संयोजक रमेश आर्य आर्य समाज दादुपूर के प्रधान कैप्टन अजमेर आर्य, संरक्षक रामकुमार आर्य, उपप्रधान उद्यम सिंह आर्य, सतपाल आर्य पुरोहित,अमित आर्य, सावन आर्य, सुरेश आर्य, तरूणा शास्त्री, दलजीत आर्य सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India