घरौंडा 22 दिसम्बर, हैफेड के चेयरमैन एवं घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि समाज के आर्थिक व सामाजिक तौर पर कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने के लिए हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार पैनासोनिक इंडिया द्वारा युवाओं को स्किल इंडिया के माध्यम से प्रशिक्षित किया है ताकि यह युवा आगे चलकर स्वरोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें। इस अवसर पर 63 प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित भी किया गया।
विधायक शनिवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घरौंडा के सभागार में पैनासोनिक इंडिया के द्वारा आयोजित प्रतिभा पुरस्कार कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जाए इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्किल इंडिया के माध्यम से विशेष कार्यक्रम चलाए हैं जिससे देश के लाखों युवाओं को प्रतिभाशाली बनाया गया है। इसी कड़ी में घरौंडा में भी पैनासोनिक इंडिया द्वारा युवाओं को वीटीसी प्रोग्राम के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि जब युवाओं में प्रतिभा होगी तो वह स्वाभिमान से आगे बढ़ सकेंगे।
विधायक ने कहा कि अन्य विकास कार्यों के साथ-साथ विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को स्वरोजगार से जोडऩे के लिए उन्होंने पहल की है, परिणामस्वरूप आज योग्य युवाओं को सम्मानित करते हुए खुशी हो रही है कि इन युवाओं में से अधिकतर ग्रामीण पृष्ठभूमि से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि घरौंडा विधानसभा क्षेत्र के युवा शिक्षा से जुड़ें इसके लिए उन्होंने बसताड़ा गांव में महिला कॉलेज, आईटीआई व ज्ञानपुरा राजकीय कॉलेज में विज्ञान संकाय की कक्षाएं आरंभ की हैं। इतना ही नहीं जिस बिल्डिंग में आज यह कार्यक्रम हो रहा है इस बिल्डिंग का भी निर्माण उनके सहयोग से करवाया गया है जोकि घरौंडा के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को इस मांग को प्राथमिकता दी और तीन साल में पूरा करवाया है। आज इस स्कूल में आस-पास के गांव की सैंकड़ों छात्राएं स्कूल में अध्ययन कर रही हैं और यह आस-पास का सबसे बड़ा स्कूल भी है।
पैनासोनिक इंडिया एवं दक्षिण एशिया के सीईओ मनीष शर्मा ने बताया कि सामूहिक विकास के लिए देश के युवाओं को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी, इस पहलू में पैनासोनिक इंडिया विशेष सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारा कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्किल इंडिया से प्रेरित है। उनके द्वारा घरौंडा में एक सैंटर के माध्यम से युवाओं को स्किल इंडिया के प्रति जागरूक किया गया और प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित किया जा रहा है। इस मौके पर स्कूल की छात्राओं द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायधीश जगदीप जैन, निदेशक टाऊन एवं कंट्री प्लानिंग केएम पांडूरंग, बीईओ महाबीर सिंह, प्रिंसिपल राजबाला, मंडलाध्यक्ष जोगिन्द्र राणा, देवेन्द्र कल्याण, चेयरमैन मार्किट कमेटी रमेश बैरागी, नरेश नली, धीरज खरकाली सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Post Now India Post Now India