इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने पूर्व मंत्री विनोद शर्मा द्वारा आर्थिक आधार पर नौकरियों में आरक्षण देने की मांग का समर्थन करते हुए कहा है कि हर जाति में गरीब व्यक्ति हैं इसलिए ऐसे लोगों को आर्थिक आधार पर आरक्षण दिया जाना जरूरी है।
अशोक अरोड़ा ने यह भी कहा कि जिन जातियों को पहले से आरक्षण मिल रहा है उसके साथ कोई छेड़छाड़ न करते हुए सरकार को आर्थिक आधार पर आरक्षण देना चाहिए। प्रदेश में हर गरीब व्यक्ति को आरक्षण का अधिकार है। आज लगभग 90 प्रतिशत से अधिक लोग ऐसे हैं, जिनकी आमदन तीन लाख रुपये वार्षिक से कम हैं, लेकिन इन परिवारों का एक भी सदस्य सरकारी नौकरी में नहीं है। ब्राह्मण, पंजाबी, बनिया और राजपूत जातियों के पास पांच एकड़ से भूमि कम है और इन जातियों के अधिकतर लोग भूमिहीन हैं, लेकिन आर्थिक आधार पर आरक्षण करने के नाम पर ऐसे परिवारों के लोग सरकारी नौकरियों से वंचित हैं। आज आर्थिक आरक्षण न होने के कारण इन गरीब परिवारों के सामने रोटी के लाले पड़े हुए हैं। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पूर्व मंत्री विनोद शर्मा ने आर्थिक आधार पर आरक्षण की आवाज उठाकर बड़ा ही सराहनीय कार्य किया है और वे शर्मा की इस मांग का पूर्ण रूप से समर्थन करते हैं। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि आज भी ग्रामीण आंचल में बड़ी तादाद में गरीब लोग हैं जिनके पास न तो कोई काम है और न ही भूमि है और आरक्षण न होने के कारण इन गरीब लोगों के बच्चे नौकरियों से वंचित हैं। ऐसे परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार का कर्तव्य है। उन्होंने यह भी कहा कि आज प्रदेश में जो प्राइवेट उद्योग लगे हुए हैं उनमें 90 प्रतिशत से अधिक हरियाणा से बाहर के युवक नौकरी कर रहे हैं। अरोड़ा ने कहा कि प्राइवेट नौकरियों में भी हरियाणा के युवकों को आर्थिक आधार पर आरक्षण दिया जाना चाहिए। ये प्राइवेट उद्योगपति भूमि और सब्सिड़ी सरकार से लेते हैं लेकिन हरियाणा के युवाओं को रोजगार नहीं देते। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बनने पर हरियाणा के प्राइवेट उद्योगों में प्रदेश के युवकों को प्राथमिकता के आधार पर नौकरी दिलवाई जाएगी।
Post Now India Post Now India