कुरुक्षेत्र, 26 दिसम्बर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग का 40 सदस्यीय दल उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बुधवार को चंडीगढ़ के लिए रवाना हुआ। इस मौके पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कैलाश चन्द्र शर्मा ने इस दल के सभी सदस्यों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी। कुलपति ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय अन्य क्षेत्रों की तरह कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में भी हमेशा अग्रणी रहा है। विश्वविद्यालय व उससे सम्बन्धित कॉलेजों विद्यार्थी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करते हैं। तभी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को यह पहचान मिलती हैै। उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी विभिन्न चरणों में हुई सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता करते हुए यहां तक पंहुचे हैं। कुलपति ने इस प्रतियोगिता के लिए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। इस मौके पर कुलपति ने डॉ. हरविन्द्र राणा द्वारा लिखित पुस्तक एक बार चले आना का विमोचन भी किया। यह पुस्तक भारतीय वीर सैनिकों को समर्पित है।
युवा सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. तेजेन्द्र शर्मा ने कहा कि यह विभाग के लिए खुशी की बात है कि इस वर्ष पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में हो रहे उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का 40 सदस्यीय दल प्रतिभागिता कर रहा है। उन्होंने सभी युवा कलाकारों को इस प्रतियोगिता के लिए शुभकामना देते हुए कहा कि गत वर्ष भी सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय अंतर राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज की थी। उन्होंने आशा जताई की इस वर्ष भी सभी युवा कलाकार अच्छा प्रदर्शन कर खुद को साबित करेंगे। इस मौके पर युवा सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष डॉ. अशोक चौधरी, डॉ. हरि प्रकाश शर्मा, डॉ. वीरेन्द्र गांधी, डॉ. हरविन्द्र राणा सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद थे।
Post Now India Post Now India