कुरुक्षेत्र। गो-गीता-गायत्री सत्संग सेवा समिति द्वारा पिपली की पंचायती धर्मशाला में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। नववर्ष के उपलक्ष्य में समस्त पिपलीवासियों के सुख-समृद्धि हेतू करवाई जा रही यह कथा एक जनवरी तक प्रतिदिन दोपहर 3 से सांय 6 बजे तक चलेगी। शुभारंभ दिवस पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बैंड बाजो की मधुर धुनों के बीच कथा के यजमानों ने बारी-बारी से श्रीमदभागवत ग्रंथ को सिर पर धारण किया। मुख्य यजमान समाजसेवी ओमप्रकाश शर्मा, वेद पोपली, सुमित गोयल और विजय गांधी इत्यादि ने भागवत पूजन करके भागवताचार्य पंडित अनिल शास्त्री को तिलक लगाया। प्रवचनों में अनिल शास्त्री ने कहा कि भागवत अनुष्ठान में कलश पूजन करने एवं सिर पर धारण करने से घर के कई प्रकार के दोष दूर होते हैं। जल का हमेशा सदुपयोग करना चाहिए क्योंकि जल में भगवान नारायण का वास होता है। जो व्यक्ति जल का सदुपयोग करता है, उस घर में लक्ष्मी का वास होता है। जल का सरंक्षण भी हम सभी का कर्तव्य बनता है। भागवत कथा बड़े ही भाग्य से सुनने को मिलती है। देवता भी इस कथा को सुनने के लिए लालायित रहते हैं इसलिए जहां भी भागवत अनुष्ठान हो रहा हो, वहां अवश्य ही जाना चाहिए। भागवत आरती में लक्ष्मी नारायण शर्मा, भरत लाल गुप्ता, कुमुद गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, इन्द्र शर्मा, सतपाल शर्मा, केवल कृष्ण छाबड़ा, हेमंत वधवा, सतनाम सिंह, प्रदीप कुंदरा और अशोक कवात्रा सहित अन्य शामिल रहे।
Post Now India Post Now India