करनाल 29 दिसम्बर, स्वस्थ जीवन जीने के लिए स्वच्छता का विशेष महत्व है। स्वच्छता अपनाने से व्यक्ति रोग मुक्त रहता है और एक स्वस्थ राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है। अत: हर व्यक्ति को जीवन में स्वच्छता अपनानी चाहिए और अन्य लोगों को भी इसके लिए पेरित करना चाहिए। यह बात स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र ने शनिवार को स्थानीय कर्ण पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में कही। उन्होंने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
उन्होंने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि बच्चों को स्वच्छता के बारे में पढ़ाया जाना भी आवश्यक है ताकि बच्चों को स्वच्छता और सफाई के बारे में जानकारी हो सके। बचपन कच्ची मिट्टी के समान होता है, इस समय बच्चों को जो सिखाया जाता है उसे वे जीवन भर याद रखते हैं। ऐसे में अगर स्कूलों में उन्हें साफ सफाई के महत्व बारे बताया जायेगा तो वे भविष्य के बेहतर नागरिक बन देश की सेवा में अपना योगदान दे सकेंगे। सुभाष चंद्र ने कहा की समय बदल रहा है, इसके साथ ही हमें भी अपनी गलत आदतों और सोच में सुधार करना होगा। लोगों व बच्चों को खुले में शौच नहीं जाना चाहिए क्योंकि इससे अनेक बीमारियां जैसे हैजा, पेचिस, पोलियों, टाइफाईड जैसी घातक बीमारियां फैलती हैं। खाने से पहले हाथों को साबुन से धोने जैसी छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर व्यक्ति स्वस्थ रह सकता है। स्वच्छता और सफाई का न कोई समय होता है और न ही स्थान, इसे अपनी आदत बनाकर स्कूलों और घरों में अपनाना बहुत जरुरी है।
इस मौके पर स्कूल के नन्हें मुन्हें बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि स्वच्छ भारत मिशन के वाईस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने विभिन्न वर्गों में विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उन्हें अपनी प्रतिभा के बल पर आगे बढऩे की प्रेरणा दी। इससे पूर्व प्रिंसिपल कृष्ण कुमार मलिक और स्कूल स्टाफ ने आये हुए मेहमानों को फूल मालाओं से हार्दिक स्वागत किया।
इस अवसर पर विद्यालय समिति की ओर से सरदार सरन सिंह, बल सिंह, जोगेंद्र सिंह, राजेंद्र, हरसिमरन, डॉ मदन गुलाटी, प्रिंसिपल कृष्ण कुमार मलिक, डॉ. राकेश संधू, महेंद्र सिंह तुली, गुरविंदर तुली, तेजेन्द्र बिड़लान, प्रधान शाम कपूर, फूल कुमार, बलबीर पाल व स्कूल स्टाफ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India