कुरुक्षेत्र। तकनीकी शिक्षा विभाग हरियाणा के पूर्व निदेशक एवं टेरी संस्थान के सलाहकार डा. एमपी गुप्ता ने कहा है कि हमारा सबसे पहला फर्ज बनता है कि हम स्वयं सक्षम बनें, खुद सक्षम बनना भी बडी देश सेवा है। जब हम खुद सक्षम होंगें तो देश भी सक्षम बनेगा। डा. गुप्ता सोमवार को गांव बारना के शहीद सुरेंद्र कुमार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रहे सात दिवसीय शिविर में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इस मौके पर उनके साथ एचसीएल कंपनी नोएडा के प्रोजेक्ट मैनेजर रामनारायण भी मौजूद रहे। विद्यालय की प्रिंसीपल रीटा बठला व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुमन चौधरी ने विद्यालय में पहुंचने पर अतिथियों का स्वागत किया। डा. एमपी गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोगों की जिंदगी बीत जाती है, लेकिन वे खुद भी सक्षम नही बन पाते, ऐसे में वे कैसे समाजसेवा कर सकते हैं। इसलिए आवश्यक है कि पहले हम स्वयं सक्षम बने, जिससे देश की तरक्की में हम अपना अहम योगदान दे सकें। वशिष्ठ अतिथि रामनारायण ने अपने स्कूल समय को याद करते हुए कहा कि उसने भी इसी स्कूल से मैट्रिक उत्तीण की थी। उन्होने विद्यार्थियों को कनैक्ट ग्रो मल्टीप्लाई का मंत्र बताते हुए कहा कि यदि अपने आप को दूसरे लोगों से कनैक्ट करेंगें, हर रोज कुछ न कुछ नया सीखने का प्रयत्न करेंगें और सीखकर दूसरे लोगों को बांटने का काम करेंगें तो आपको सफल होने से कोई नही रोक सकता। उन्होने विद्यार्थियों को अपने जीवन में सफल होने की वजह ढूंढऩे पर जोर देते हुए कहा कि यदि आपको जीवन सफल बनाने की वजह मिल गई तो आपको सफल होने से कोई नही रोक सकता। यदि आप कुछ देर बैठकर सोचेंगें तो आपको सैंकड़ों ऐसी वजह मिल जाएंगी जिस के लिए आप सफल होना चाहते हैं। कार्यक्रम के अंत में उमंग के अध्यक्ष देवीलाल बारना, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुमन चौधरी व शिक्षक पवन योगी ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए।
Post Now India Post Now India