करनाल 31 दिसम्बर, वर्ष 2018 घरौंडा विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए काफी सौगात लेकर आया, इस वर्ष घरौंडा के विधायक हरविन्द्र कल्याण ने पूरे विधानसभा क्षेत्र में समान विकास करवाकर ऐसे-ऐसे गांव में पक्की गलियां, सडक़ें, सामुदायिक केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बनाए हैं जो विकास के मामले में काफी पिछड़े हुए थे। विधायक ने घरौंडा की जनता के अनुरूप विकास कार्य करवाए हैं जिससे हल्का विकास के मामले में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में भी घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में अनेक विकास कार्य करवाए जाएंगे जोकि घरौंडा विधानसभा के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
विधायक ने अपने कार्यालय में हल्के की जनता से बातचीत करते हुए कहा कि आज साल का अंतिम दिन है, पूरे साल में हमने विधानसभा के लिए जो किया वह बिना किसी भेदभाव के किया। विकास के मामले में ऐसा कोई गांव नहीं जहां सरकार की ओर से लाखों रुपये खर्च न हुए हों। घरौंडा कस्बे की वर्षों पुरानी मांग लड़कियों के स्कूल के भवन का निर्माण करवाना जिसको उन्होंने प्राथमिकता से लिया और वह भवन बनकर तैयार हुआ जिसमें आज कक्षाएं लगती हैं। शिक्षा के क्षेत्र में घरौंडा विधानसभा क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने काफी प्रयास किया, शिक्षा ही एक ऐसा माध्यम है जो उन्नति के मार्ग खोजता है। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय घरौंडा जिसे ज्ञानपुरा कॉलेज के नाम से जाना जाता है इस कॉलेज में विज्ञान संकाय नहीं पढ़ाया जाता था जबकि आधुनिक समय में विज्ञान संकाय का विशेष महत्व है। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर उसे पूरा किया है और इतना ही नहीं कॉलेज परिसर में ही एनसीसी अकादमी को मंजूर करवाया। उन्होंने कहा कि बसताड़ा गांव में राजकीय महिला कॉलेज व आईटीआई की मंजूरी और उनका निर्माण कार्य शुरू करवाना यह भी इसी क्षेत्र की उपलब्धि मानी जाएगी।
विधायक ने बताया कि स्वास्थ्य व खेल के क्षेत्र में घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में काफी कार्य हुआ है, करीब 25 व्यायामशालाएं पूरे विधानसभा क्षेत्र में खोली गई हैं जहां पर सुबह-शाम गांव के बच्चे अपने शरीर की कसरत करते हैं। कुटेल गांव में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेडिकल विश्वविद्यालय को मंजूर करवाना इस क्षेत्र की सबसे बड़ी उपलब्धि है, जैसा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कुटेल में बन रहे विश्वविद्यालय में अगले साल कक्षाएं लगनी आरंभ हो जाएंगी। इस विश्वविद्यालय के शुरू होने से इस क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को देखते हुए गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, डिस्पेंसरी खोली गई हैं। उन्होंने कहा कि घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में सभी विकास कार्यों पर पिछले चार साल में करीब 600 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इस राशि में से कुछ विकास कार्य पूरे हो गए हैं और अन्य का कार्य प्रगति पर है।
Post Now India Post Now India