कुरुक्षेत्र, 01 जनवरी। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने वर्ष 2019 के पहले दिन ही अपने विद्यार्थियों को नए वर्ष की सौगात दी है। विश्वविद्यालय ने दिसम्बर 2018 में हुई 49 परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कैलाश चन्द्र शर्मा ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक ब्लॉक के कमेटी रूम में एक क्लिक से 49 परीक्षाओं के परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाईट पर अपलोड कर दिए।
विश्वविद्यालय के 19 विभागों के विद्यार्थी अब नए सेमेस्टर की कक्षा में प्रवेश करने से पहले पिछले सेमेस्टर का परिणाम व अंकतालिका लेकर ही जाएंगे। विश्वविद्यालय ने वर्ष 2018 में एक जनवरी को 8 परीक्षा परिणाम घोषित किए थे लेकिन इस बार एक साथ 49 परीक्षा परिणाम घोषित किए गए हैं। कुलपति ने कहा कि इसका पूरा श्रेय विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा, शिक्षकों व विभागाध्यक्षों को जाता है। उन्हीं के सांझा प्रयास से ही विद्यार्थियों को समय से परीक्षा परिणाम मिल पा रहे हैं। कुलपति ने सभी विभागाध्यक्षों व शिक्षकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंं ताकि विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस 11 जनवरी तक कैम्पस में चल रहे पाठ्यक्रमों के परिणाम घोषित किए जा सकें। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय देश की नैक ए-प्लस ग्रेड यूनिवर्सिटी है। इसलिए विद्यार्थी परीक्षा परिणाम भी साथ ही घोषित करने की अपेक्षा करते हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह ने कहा कि इस वर्ष विश्वविद्यालय ने कॉलेज स्तर पर चलने वाले बीएससी होमसाईंस पांचवे सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम को भी निर्धारित समय अवधि में घोषित किया है।
उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से यह संभव हो सका है। परीक्षा शाखा का यह प्रयास है कि सभी परिणाम निर्धारित समय अवधि में ही घोषित हों ताकि विद्यार्थी अगले सेमेस्टर की पढ़ाई निश्चिन्त होकर कर सकें। उन्होंने इसके लिए सभी शिक्षकों व विभागाध्यक्षों का आभार जताया है।
इस मौके पर कुलसचिव डॉ. नीता खन्ना, डीन एकेडमिक अफेयर प्रो. श्याम कुमार व विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद थे।
जल्द ही घोषित होंगे साईंस फैकेल्टी के परीक्षा परिणाम
विश्वविद्यालय के अधिकतर विभागों में इस वर्ष शिक्षकों के अवकाश के साथ-साथ उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की समय अवधि भी निर्धारित की गई थी। अधिकतर शिक्षकों ने निर्धारित समय में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया है जिसके कारण साईंस फैकल्टी व अन्य फैकल्टी के पाठ्यक्रमों के परिणाम भी जल्द घोषित होने की संभावना है।
इन परीक्षाओं के घोषित हुए परिणाम
परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह ने बताया कि परीक्षा शाखा ने परीक्षा के बाद 15 दिनों की समय अवधि में 49 परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा शाखा ने एमए एआईएच प्रथम व तीसरे सेमेस्टर, एमए एजुकेशन प्रथम व तृतीय सेमेस्टर, एमए एजुकेशन प्रथम सेमेस्टर ओल्ड, एमए अर्थशास्त्र प्रथम व तीसरा सेमेस्टर, एमएबीई प्रथम व तीसरे सेमेस्टर, एमटैक एनर्जी इनवायरमैंट मैनेजमेंट तीसरा सेमेस्टर, एमएससी भूगोल प्रथम सेमेस्टर, एमए हिंदी प्रथम व तीसरा सेमेस्टर, एमए इतिहास प्रथम व तीसरा सेमेस्टर, एलएलएम प्रथम व तीसरा सेमेस्टर, बीलिब साईंस प्रथम व दूसरा सेमेस्टर, एमलिब साईंस प्रथम सेमेस्टर न्यू व ओल्ड, एमएससी माईक्रोबाईलॉजी तीसरा सेमेस्टर, एमए संगीत प्रथम व तीसरा सेमेस्टर, एमए संगीत तीसरा ओल्ड, एमपीए प्रथम व तीसरा सेमेस्टर, एमए फिलासफी प्रथम व तीसरा सेमेस्टर, डिप्लोमा इन रिज़निंग, एमए डिफेंस एंड स्ट्रैजिंक स्टडीज प्रथम व तीसरा सेमेस्टर, एमए मनोविज्ञान प्रथम व तीसरा सेमेस्टर, एमए लोक प्रशासन प्रथम सेमेस्टर, एमए पंजाबी प्रथम व तीसरा सेमेस्टर, एमपीएड प्रथम व तीसरा सेमेस्टर, सीसी योगिक साईंस, एमएससी सांख्यिकी प्रथम सेमेस्टर, एमएससी जूलोजी प्रथम व तीसरा सेमेस्टर, बीकाम पार्ट टू व थ्री कम्पार्टमेंट, बीएससी होम साईंस पांचवा सेमेस्टर, बीवोक नेटवर्किंग एंड मोबाईल एप्लीकेशन प्रथम व तीसरा सेमेस्टर तथा बीएफएडी सातवां सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित किया है।
Post Now India Post Now India