पिहोवा 2 जनवरी उपमंडल अधिकारी ना. निर्मल नागर ने कहा कि उपमंडल के 20 हजार लोगों का परिवारिक डाटा 31 जनवरी से पहले एकत्रित कर पोर्टल पर अपलोड़ करने का लक्ष्य पूरा करना है। इस कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के लिए तहसीलदार, बीडीपीओ, नपा अधिकारियों, पटवारियों व नम्बरदारों को मिलकर कार्य करना होगा। इस कार्य को पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ पूरा करना होगा और किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
वे बुधवार को एसडीएम कार्यालय में अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उपायुक्त डा. एसएस फुलिया के आदेशानुसार कुरुक्षेत्र जिले में 31 जनवरी से पहले 1 लाख लोगों का फैमिली डाटा पोर्टल पर अपलोड़ करना है। इसमें से पिहोवा उपमंडल से 20 हजार परिवारों के फैमिली डाटा को अपलोड़ करने का कार्य करना होगा। इस कार्य को करने के लिए बीडीपीओ, तहसीलदार, नगरपालिका सचिव, नम्बरदार, पटवारी और ग्राम सचिव मिलकर कार्य करेंगे और निर्धारित समयावधि में इस कार्य को पूरा करने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि शहर के 17 वार्डो में से 6 वार्डो का फैमिली डाटा एकत्रित करने का काम पूरा किया जा चुका है। शेष वार्डों का डाटा भी शीघ्र पूरा हो जाएगा। भविष्य में राज्य सरकार की तमाम योजनाओं का लाभ फैमिली डाटा से ही मिलने की संभावना है, इसलिए सभी परिवारों को अपने परिवार के सभी सदस्यों का डाटा अपलोड करवाना होगा। इसके लिए सभी को प्रशासन का सहयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि गांव और शहरों में सीएचसी, नगरपालिका के माध्यम से परिवारों का डाटा एकत्रित किया जाएगा। इसके लिए डोर टू डोर सर्वे करके लोगों से निर्धारित फार्म भरवाया जाएगा। इस फार्म में परिवार के सभी सदस्यों का नाम, उम्र, आधार नम्बर, मोबाईल नम्बर सहित अन्य ब्यौरा भी भरा जाएगा। इसलिए उपमंडल के सभी नागरिकों से अपील है कि वह डाटा एकत्रित करने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने यह भी संभावना व्यक्त की है कि इस डाटा से ही भविष्य में सरकार की तमाम योजनाओं का लाभ मिलेगा। इस मौके पर तहसीलदार चेतना चौधरी, नायब तहसीलदार राजेन्द्र रोहिला, नायब तहसीलदार कृष्ण ढुल, सचिव नगरपालिका मनीक्षा शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
Post Now India Post Now India