करनाल 29 जनवरी, हरियाणा में डी गु्रप में भर्ती को लेकर चयनित युवाओं में काफी उत्साह है, युवाओं का कहना है कि ऐसा पहली बार देखा है कि किसी सरकार ने बिना किसी भेदभाव व भ्रष्टाचार के पारदर्शिता से भर्ती की हो और चयनित उम्मीदवारों को इतने कम समय में विभागों में नियुक्त किया हो।
करनाल जिले के सदरपुर गांव के सोहन लाल ने एक बातचीत में बताया कि उनका चयन हरियाणा सरकार द्वारा डी ग्रुप की भर्ती में हुआ है, इस भर्ती को सरकार द्वारा पारदर्शिता व भ्रष्टाचार मुक्त करके हम जैसे गरीबों को भी सरकारी नौकरी में मौका मिला है। उनका कहना है कि इस नौकरी के मिलने से उनका व उनके परिवार को सरकार का एक बहुत बड़ा तोहफा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा था कि हरियाणा में जो भी सरकारी नौकरियों में भर्ती होगी वह पारदर्शिता व योग्यता के आधार पर होगी, सिफारिश व पर्ची का कोई औचित्य नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री के इस ब्यान को सुनकर उन्होंने पेपर की तैयारियों के लिए कड़ी मेहनत की और आखिर में परिणाम उनके पक्ष में आया। उनका डी गु्रप में चयन हुआ और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जो कहा था उसका एहसास इस भर्ती के परिणाम में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि उनके चयन के बाद परिवार में खुशी का माहौल है, अब परिवार के लोगों को अपनी रोटी चलाने के लिए दिक्कत नहीं रहेगी।
बजीदा जाटान जिला करनाल के मनीष कुमार ने बताया कि डी ग्रुप में उनका चयन हुआ है और उन्हें कृषि विभाग में नौकरी करने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि कभी सोचा भी नहीं था कि बिना पैसे और बिना सिफारिश भी कोई नौकरी मिल सकती है। सुनने में आया था कि मुख्यमंत्री बिना किसी सिफारिश के योग्यता के आधार पर नौकरी लगाएंगे, उस समय लग रहा था कि सभी नेता ऐसे ही कहते हैं परंतु अब पता चला कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल अन्य राजनेताओं से भिन्न हैं। उन्होंने जनता के सामने जो वायदा किया था उसको पूरा किया है।
करनाल जिला में चतुर्थ श्रेणी की भर्ती में करीब 705 उम्मीदवारों का चयन हुआ है, कृषि विभाग में करीब 125, शिक्षा विभाग में 106, पंचायत विभाग में करीब 80, सिंचाई विभाग में करीब 80 उम्मीदवारों ने अपनी ज्वाईनिंग दे दी है और अन्य विभागों में भी ज्वाईनिंग की प्रक्रिया चल रही है। इन उम्मीदवारों की ज्वाईनिंग के बाद कार्यालयों में चतुर्थ श्रेणी की कमी को पूरा किया जा सकेगा। इस भर्ती को लेकर न केवल चयनित उम्मीदवार बल्कि उनके सगे-संबंधी व रिश्तेदारों में भी काफी उत्साह है और वह इस भर्ती में मुख्यमंत्री मनोहर लाल का गुणगान करने से नहीं हटते।
Post Now India Post Now India
