कुरुक्षेत्र 31 जनवरी विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की नेक नीतियों और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जींद के लोगों ने पसंद किया। जिसके कारण जींद उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी डा. कृष्ण मिढा को भारी बहुमत से जीत हासिल हुई है। उन्होंने जारी एक प्रेस ब्यान में कहा कि जींद उपचुनाव में राज्य सरकार की नीतियों को लोगो ने पसंद किया और खुलकर भाजपा प्रत्याशी डा. कृष्ण मिढा के पक्ष में वोट किए। इस जीत के साथ लोगों ने साबित कर दिया कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से खुश है और आने वाले चुनावों में प्रदेश की जनता भाजपा को भारी बहुमत से जिताने का काम करेगी।
विधायक ने कहा कि जींद उपचुनाव में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ-साथ सभी मंत्रीगण और विधायकों ने जींद की जनता के पास जाकर राज्य सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाया। सभी लोगों ने राज्य सरकार की योजनाओं को खुब सराहा और जिसका परिणाम जींद उपचुनाव में जीत के रुप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है, इस उपचुनाव से पहले सभी मेयर पद पर भाजपा के प्रत्याशियों की जीत साबित कर रही है कि प्रदेश की जनता स्वच्छ और ईमानदार सरकार को पसंद कर रही है। राज्य सरकार ने सभी सरकारी नौकरिया योग्यता के आधार पर देने का काम किया है, अभी हाल में ग्रुप डी में ऐसे-ऐसे परिवारों के बच्चों को रोजगार मिला है, जिन परिवारों में कभी किसी व्यक्ति को सरकारी नौकरी नहीं मिली थी।
Post Now India Post Now India