करनाल 4 फरवरी, पालतू पशु विविधता संरक्षण सोसाइटी एवं राष्ट्रीय पशु आनुवांशिक संसाधन ब्यूरो करनाल द्वारा 7 व 8 फरवरी को खाद्य एवं सामाजिक सुरक्षा हेतु पशु आनुवांशिक सम्पदा विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी को आयोजन किया जा रहा है। इस संगोष्ठी का उद्घाटन सत्र में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उपमहानिदेशक डा. जेके जेना मुख्य अतिथि होंगे तथा आईवीआरआई के पूर्व निदेशक एवं विक्रम विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डा. एसपीएस अहलावत तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के सहायक महानिदेशक डा. आरएसगांधी विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोसाइटी के अध्यक्ष एवं एनबीएजीआर के निदेशक डा. आरके विज करेंगे।
राष्ट्रीय संगोष्ठी के आयोजन सचिव डा. आरएस कटारिया ने बताया कि राष्ट्रीय संगोष्ठी में विभिन्न विषयों पर पांच तकनीकी सत्र आयोजित किए गए हैं जिसमें किसानों की आय बढ़ाने एवं उनकी खाद्य तथा सामाजिक सुरक्षा में पशु आनुवांशिक सम्पदा के बेहतर उपयोग एवं उनकी उत्पादकता बढ़ाने जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संगोष्ठी में देश के 150 से अधिक वैज्ञानिकों, नीति निर्धारकों, पशु विकास संबंधी संस्थाओं के विशेषज्ञों के भाग लेने की संभावना है। उन्होंने बताया कि संगोष्ठी के दौरान आवारा पशुओं के प्रबंधन विषय पर बोद्धिक मंथन भी किया जाएगा। प्रत्येक सत्र में श्रेष्ठ पोस्टर एवं मौखिक शोध पत्रों के प्रस्तुतिकरण हेतु युवा वैज्ञानिक पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पालतू पशु विविधता संरक्षण सोसाइटी की शोध पत्रिका में प्रकाशित सर्वश्रेष्ठ लेख हेतु डा. केएन शर्मा स्मृति पुरस्कार तथा पशु विज्ञान के क्षेत्र में विगत पांच वर्ष की शानदार उपलब्धियों हेतु एक वैज्ञानिक को डा. डीएस बलेन स्मृति पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा।
Post Now India Post Now India