करनाल 5 फरवरी, आगामी लोकसभा चुनाव को स्वतत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. आदित्य दहिया के निर्देश पर चुनाव कार्यालय तैयारियो में जुटा है। इस बीच मंगलवार को प्रदेश के मास्टर ट्रेनर एवं शाहबाद के उपमण्डलाधीश सुशील कुमार एच.सी.एस. ने करनाल आकर विधानसभा स्तर के मास्टर ट्रेनरो को ट्रेनिंग दी। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में करनाल के अतिरिक्त पंचकुला, अम्बाला, कुरूक्षेत्र, यमुनानगर व पानीपत जिला के विधानसभा क्षेत्रो के कुल 54 मास्टर ट्रेनरो ने प्रशिक्षण लिया। जिला निर्वाचन कार्यालय के तहसीलदार एस.के. भोरिया तथा डी.एस.पी. हैड क्वाटर भी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण के दौरान राज्य स्तर के मास्टर ट्रेनर सुशील कुमार ने बताया कि आगामी लोकसभा आम चुनाव में इस बार ई.वी.एम. की दोनो यूनिट के साथ वीवीपैट मशीन भी रहेगी। यह तीनो चीजें किसी भी चुनाव अथवा मतदान केन्द्र के लिए सबसे महत्वपूर्ण इलैक्ट्रोनिक्स वस्तु है। इसका संचालन व संभाल बहुत जरूरी है, खास करके पोलिंग के समय। क्योंकि थोड़ी सी असावधानी व प्रशिक्षण के अभाव में कई बार पीठासीन अधिकारी को दिक्कत का सामना करना पड़ जाता है और फिर शिकायत आती है कि मशीन खराब है, जबकि ऐसा नही होता। हालांकि ई.वी.एम. को प्रयोग में लेने से पहले उसकी दो बार चैकिंग जरूरी है और उसका सारा फंक्शन मास्टर ट्रेनर को भलि-भांति पता होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार पोलिंग बूथ से सम्बंधित कई तरह के परफोर्मा होते हैं, जो चुनाव आयोग की तरफ से जारी किए जाते हैं, उनको भरकर सामान के साथ देना पड़ता है। अच्छा रहता है कि उन्हे भरने से पहले उनकी सही-सही जानकारी प्राप्त कर लेनी चाहिए, ताकि कहीं भी बूथ व मशीन की मिस-मैचिंग ना हो। इसी तरह पीठासीन डायरी को भरने के लिए ट्रेनिंग में अच्छी तरह सभी बिन्दुओ को समझ लेना चाहिए। उन्होने बताया कि इसके अतिरिक्त चुनावी खर्चा, नोमिनेशन प्राप्त करना, अपना बूथ तैयार करना जैसी बाते भी मास्टर ट्रेनर को पता होनी चाहिए। पोलिंग बूथ पर पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा को लेकर किस तरह की जिम्मेदारी निभानी चाहिए, उसका भी ज्ञान होना चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर से ई.वी.एम. व वीवीपैट को लेकर कई सवाल पूछे, जिसका राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर ने समाधान बताया। प्रशिक्षण के दौरान चुनाव से सम्बंधित जरूरी बातों को पावर प्वाईंट प्रेजेंटेशन से समझाया।
Post Now India Post Now India