कैथल, 3 मार्च: पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से स्थानीय पेहवा चौक पर आयोजित अपनी राहें-अपनी आजादी के राहगिरी कार्यक्रम में दर्शकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर खूब धमाल मचाया। उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बतौर मुख्यातिथि कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन से विधिवत शुभारंभ किया तथा कैथल की राहगिरी को अन्य जिलों की राहगिरी कार्यक्रमों से भिन्न बताया। दर्शक प्रसिद्घ हरियाणवी कलाकार गजेंद्र फोगाट के लगभग 3 घंटे की जोशीले व उमंग भरे गीतों की प्रस्तुतियों पर घंटों थिरकते नजर आए।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि राहगिरी कार्यक्रम में मस्ती के पलों के साथ-साथ कलाकारों ने सामाजिक संदेश भी दर्शकों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रस्तुति के माध्यम से यह दर्शाया गया कि हमारी सेना के जवान विपरीत परिस्थितियों में भी देश की सरहदों की रक्षा में तत्पर रहते हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को भागदौड़ भरी जिन्दगी में कुछ फुर्सत के पल देने के अलावा प्रशासन व आम जनता में तालमेल को बढाना है। उन्होंने कलाकारों का तालियों से उत्साह वर्धन भी किया। कार्यक्रम में गत दिनों जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आत्मघाती हमले में शहीद हुए सैनिकों को भी 2 मिनट का मौन धारण कर श्रद्घांजलि दी गई।
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हरियाणा के प्रसिद्घ कलाकार गजेंद्र फोगाट की प्रस्तुतियां रही, जिन्होंने देश भक्ति की भावना से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। उनकी मेरा रंग दे बसंती चोला, पाकिस्तान में तिरंगा लहरा दैयो, कौण कह बहु काले की तथा काट प्लाट हरियाणा के जम्मू कश्मीर मै जैसे उमंग से भरे व जोशीले गीतों पर दर्शक घंटों झूमते रहे। इस कलाकार ने अपनी प्रस्तुतियों ऐसा समा बांधा कि बच्चे व युवाओं के अलावा अधेड़ आयु के व्यक्ति भी थिरकते देखे गए।
अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में लव डांस अकादमी द्वारा सैनिकों की अपने देश की रक्षा के लिए विभिन्न विपत्तियों का सामना करते हुए रक्षा करने के अदम्य साहस व शौर्य का सजीव चित्रण नृत्यावली के माध्यम से किया गया। शिवम ग्रुप की प्रस्तुति के दौरान शिवम कलाकार के साथ उनके पिता जी डीएसपी अशोक कुमार भी खूब नाचे। डीएवी पब्लिक स्कूल के अलावा नन्हें कलाकारों नंदिनी व हर्षिता ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों पर खूब तालियां बटोरी। इस कार्यक्रम को जैड किंग के बलविंद्र ढुल तथा एलआर हुंडई द्वारा प्रायोजित किया गया था। इस अवसर पर डीएसपी कुलवंत सिंह, कुल भूषण, विनोद शंकर, अशोक कु मार, प्रमोद कुमार, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य गोपाल सैनी,नगर परिषद के एमई राज कुमार शर्मा, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी, पतंजलि योग समिति की योग साधक सहित सभी थाना व चौकी प्रभारी अलावा गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India