करनाल 5 मार्च, राज्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने ईआरओ व एईआरओ को निर्देश दिए कि वे समय रहते अपनी सभी तैयारियां पूरी कर लें, जो वोट अभी तक नहीं बनी हैं उनको प्राथमिकता से बनवाएं, नागरिकों को जागरूक करें तथा ऐसे नागरिकों का भी वोट जरूर बनाएं जो प्रतिष्ठित व्यक्तित्व हैं और वह अधिक व्यस्त रहते हैं। कोई भी नागरिक बिना वोट न रहे ऐसा सुनिश्चित किया जाए तथा आचार संहिता लगने से पहले सभी बूथों का निरीक्षण करके आवश्यक सुविधाओं का प्रबंध करें।
राज्य निर्वाचन अधिकारी मंगलवार को चंडीगढ़ से वीडिया काफे्रंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी ईआरओ तथा एईआरओ लोकसभा के चुनाव से संबंधित तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वोट नागरिक का मौलिक अधिकार है, कोई भी नागरिक वोट बनवाने से वंचित न रहे इसके लिए प्रयास किए जाएं, सभी जिलों की वोट लिस्ट अपडेट हो, जो वोट डिस्पोज करनी है उसको समय रहते डिस्पोज किया जाए और जो पेंडिंग है उसको तुरंत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आचार संहिता से 10 दिन से पहले किसी की वोट नहीं बनेगी, समाज के ऐसे व्यक्ति जो व्यस्त रहते हैं और वीआईपी की श्रेणी में आते हैं उनके बूथों पर वोटर लिस्ट में उनके नाम की जांच की जाए ताकि यह जानकारी मिल सके कि उनका वोटर लिस्ट में नाम है यदि नहीं है तो उनसे मिलकर उनकी वोट बनवाना सुनिश्चित करें ताकि लिस्ट को अपडेट किया जा सके।
उन्होंने कहा कि लोकसभा आम चुनाव बहुत नजदीक हैं, बूथों पर जाने वाले मतदाताओं के लिए चुनाव आयोग की ओर से जो सुविधाएं दी जाती हैं उन्हें सभी बूथों पर मुहैया करवाएं जिनमें शौचालय, रैम्प, फर्नीचर, लाईट, पीने का पानी की व्यवस्था शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले एक सप्ताह में फिर से व्यवस्था की जानकारी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को उसका समय से परीक्षण दिया जाए ताकि चुनाव के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न हो, माइक्रो ऑजर्वर की नियुक्ति की जाए, जो भी कार्य हो उसको बहुत सावधानी से किया जाए। उन्होंने कहा कि 1950 नंबर का अधिक से अधिक प्रचार हो ताकि जो भी मतदाता को वोट संबंधी जरूरत है वह 1950 के माध्यम से अपनी जरूरत पूरी कर सकता है। इसके लिए चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थान, मुख्य मार्गों, सिनेमा हॉल में भी व्यापक प्रचार करवाया जाए ताकि समय से पहले सभी नागरिकों की वोट बन सके।
उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने चुनाव से जुड़े एईआरओ को कहा कि वे जो भी पेंडिंग काम हैं उनको समय से पूरा करें, जितने भी बूथ हैं उन पर जाकर व्यवस्था देखें, कहीं कमी नजर आती है तो उसको पूरा करें। चुनाव दौरान जो संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र हैं पहले से ही उनकी पहचान कर लें और जो भी वहां व्यवस्था करनी है, की जाए। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अनिश यादव, प्रशासनिक अधिकारी साहिल गुप्ता, एसडीएम करनाल नरेन्द्र पाल मलिक, एसडीएम असंध अनुराग ढालिया, एसडीएम घरौंडा गौरव कुमार, एसडीएम इंद्री सुमित सिहाग, सीटीएम नवीन कुमार आहूजा , डीआरओ श्याम लाल, चुनाव तहसीलदार सुनील कुमार सहित बीडीपीओ व तहसीलदार उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India

