कुरुक्षेत्र 27 मार्च: महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि खेलों का हमारे जीवन में बहुत महत्व है, खेल एक और जहां हमें तंदरुस्त बनाते है, वहीं दुसरी और अनुशासन प्रिय जीवन जीने की प्रेरणा भी देते है।
वे बुधवार को स्थानीय पुलिस लाईन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित एक दिवसीय राज्यस्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता के अवसर पर बतौर मुख्यातिथि के रुप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी को खेलों में बढ़चढक़र भाग लेना चाहिए। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई इतना व्यस्त है कि वह अपने स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह सजग नहीं रह पाता है, इसलिए हमें समय निकाल विभिन्न खेलों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि हमारा स्वास्थ्य ठीक रहे। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में नारी पुरुषों के साथ हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रही है। महिलाओं के बिना परिवार भी अधूरा है, इसलिए नारियों का हमें सम्मान करना चाहिए।
इस मौके पर विभाग की उपनिदेशक राजबाला कटारिया ने आए हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से पहले जिलास्तर व ब्लाकस्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था, इन प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाडिय़ों के लिए राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में साईकिल रेस, 400 मीटर रेस, 300 मीटर रेस, 100 मीटर रेस, आलू-चम्मच रेस तथा मटका रेस का आयोजन किया गया। इस मौके पर विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कार राशि तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और कार्यक्रम में मंच का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य मिहा सिंह रंगा ने किया। कार्यक्रम में पिहोवा की पुष्पा और लाडवा की सुनीता ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं विषय पर अपनी प्रस्तुती दी। कार्यक्रम में आए हुए अतिथियों का धन्यावाद बाल कल्याण समिति के चैयरमैन कृष्ण पांचाल ने किया। इस मौके पर विभाग की संयुक्त निदेशक रजनी पसरीचा, जिला कार्यक्रम अधिकारी नीना कपूर, डीआई विजय कुमार, पूर्व डीपीओ गुरविन्द्र कौर मल्ली सहित विभाग के अन्य अधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित थे।
राज्यस्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता में साईकिल रेस में कुरुक्षेत्र की नीरज को प्रथम स्थान मिला, नीरज को 11 हजार रुपए की राशि पुरस्कार के रुप में दी गई। इसी तरह 400 मीटर रेस में हिसार कीमंदीप प्रथम, 300 मीटर रेस में हिसार की नीलम प्रथम, 100 मीटर रेस में हिसार की प्रोमिला प्रथम तथा आलू रेस में भिवानी की कृष्णा प्रथम, मटका रेस में गुरुग्राम की सोनिया प्रथम को 11-11 हजार की राशि पुरस्कार के रुप में दी गई। इनके अलावा साईकिल रेस में फतेहाबाद की सुमन द्वितीय, प्रभजोत तृतीय, 400 मीटर रेस में प्रीति द्वितीय, कुसुम तृतीय, 300 मीटर रेस में निशा द्वितीय, बबली तृतीय, 100 मीटर रेस में ममतेश द्वितीय और सुदेश व निर्मला तृतीय तथा आलू रेस में रश्मि द्वितीय, नन्ही तृतीय स्थान पर रही। इनके अलावा मटका रेस में फतेहाबाद की निर्मल द्वितीय व भिवानी की बीरमती तृतीय स्थान पर रही। इन खिलाडिय़ों को द्वितीय पुरस्कार के रुप में 8100 रुपए व तृतीय पुरस्कार के रुप में 4100 रुपए दिए गए।
Post Now India Post Now India