कुरुक्षेत्र 3 अप्रैल: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से नकदी ले जाकर उसका प्रयोग चुनाव में मतदाताओं अथवा किसी अन्य व्यक्ति को रिश्वत या प्रलोभन के उद्देश्य से करता है तो इस धनराशि को संबंधित प्रत्याशी के चुनावी खर्च के खाते में जोडऩे के साथ-साथ उस पर आपराधिक मुकदमा भी दर्ज करवाया जाएगा।
उपायुक्त बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में सहायक खर्च पर्यवेक्षक, फ्लाइंग स्क्वायड टीमों, स्टेटिक सर्विलांस टीमों, वीडियो सर्विलांस टीमों, वीडियो व्यूविंग टीमों, अकाउंटिंग टीमों, एमसीएमसी तथा एक्सपेंडिचर मोनिटरिंग सैल के अधिकारियों-कर्मचारियों कि प्रत्याशियों के खर्चो पर नजर रखने से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर बैठक ले रहे थे। उन्होंने सभी टीमों के कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए टीमों की जिम्मेदारियों के बारे में बताया और कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। लोकसभा आम चुनाव-2019 में प्रत्याशियों के चुनावी खर्च व आदर्श आचार संहिता की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रकार की निगरानी टीमें व उडऩदस्ते गठित किए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि यदि धनराशि का इस्तेमाल चुनाव को प्रभावित करने के लिए होता पाया जाता है या कोई व्यक्ति पैसे बांटते हुए पकड़ा जाता है तो धनराशि प्रत्याशी के चुनावी खर्च में जोडकऱ संबंधित के खिलाफ आपराधिक मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा। बैंक टीम भी धनराशि को इधर-उधर ले जाते समय आरबीआई द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करेगी। इस कार्य पर स्टेटिक सर्विलांस टीमें व फ्लाइंग स्क्वायड टीमें निरंतर नजर रखेंगी। चुनाव के दौरान होने वाली प्रत्येक मीटिंग, रैली व जनसभा की वीडियोग्राफी वीडियो सर्विलांस टीमों के माध्यम से करवाई जाएगी। वीएसटी इंचार्ज कार्यक्रम में प्रयुक्त हो रही प्रत्येक वस्तु के अनुमानित खर्च की रिकॉर्डिंग करवाएगा तथा इसकी जानकारी निर्धारित प्रफोर्मा में भरकर प्रतिदिन एआरओ के पास जमा करवाएगा। इस टीम द्वारा भाषण भी रिकॉर्ड करवाए जाएंगे ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं संबोधन में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन तो नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि वीएसटी द्वारा उपलब्ध करवाई गई वीडियो व विवरण के आधार पर वीडियो व्यूविंग टीम संबंधित कार्यक्रम के खर्च का आकलन करेगी और इसकी रिपोर्ट तैयार करके अकाउंटिंग टीम को देगी। अकाउंटिंग टीम की रिपोर्ट के आधार पर सहायक खर्च पर्यवेक्षक की टीम संबंधित प्रत्याशी के खर्च रजिस्टर में इस खर्च का विवरण चढ़ाएगी। सभी प्रत्याशियों द्वारा खर्च पर्यवेक्षक की मौजूदगी में अपना खर्च रजिस्टर कम से कम तीन बार चेक करवाना होगा जिसकी तिथि निर्धारित करके उन्हें बता दी जाएगी। यदि प्रत्याशी द्वारा दिखाया गया खर्च शैडो रजिस्टर में दर्ज खर्च से कम है या इसमें भिन्नता मिलती है तो प्रत्याशी को नोटिस भी जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्टेटिक सर्विलांस टीमें अलग-अलग स्थानों पर नाके लगाकर वाहनों आदि की चेकिंग करेंगी तथा अवैध रूप से ले जाई जा रही नकदी व उपहार आदि वस्तुओं पर निगरानी रखेगी। सी विजिल एप या अन्य माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों पर फ्लाइंग स्क्वेयड टीमें त्वरित कार्रवाई करते हुए इन शिकायतों पर संज्ञान लेंगी। एमसीएमसी (मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मोनिटरिंग कमेटी) प्रत्याशियों द्वारा प्रसारित करवाए जाने वाले विज्ञापनों की अनुमति देने तथा मीडिया में प्रकाशित समाचारों व विज्ञापनों पर नजर रखने का कार्य करेगी। यदि कहीं पेड न्यूज प्रकाशित की जाती है तो प्रत्याशी को नोटिस जारी किया जाएगा और इसका खर्च भी उसके चुनावी खाते में दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी टीमें प्रतिदिन सायं तक अपनी रिपोर्ट संबंधित अधिकारी के पास जमा करवाना सुनिश्चित करें ताकि खर्च व आचार संहिता की अनुपालना पर निगरानी रखी जा सके और चंडीगढ़ मुख्यालय को अविलंब रिपोर्ट भेजी जा सके। उन्होंने कहा कि चुनाव को एक उत्सव के रुप में समझकर कार्य करे तथा सभी कर्मचारियों को चुनाव में मिली जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी व निष्ठïा के साथ निभानी है। प्रत्येक कर्मचारी कानून सम्मत कार्रवाई करे ताकि बाद में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। यदि कोई कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी या ड्यूटी में लापरवाही बरतता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एसडीएम थानेसर अश्विनी मलिक, एसडीएम शाहबाद संयम गर्ग, एसडीएम लाडवा एवं नगराधीश अनिल यादव, डीआईपीआरओ सुरेश कंवर सरोहा सहित गठित की गई कमेटियों के सभी सदस्य उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India