करनाल 19 अप्रैल: लोकसभा आम चुनाव के चलते नामांकन के तीसरे दिन आज 3 प्रत्याशियों ने लघु सचिवालय स्थित रिटर्निंग अधिकारी-सह-उपायुक्त विनय प्रताप सिंह के चुनाव कार्यालय में पर्चे भरे। इनमें बसपा के पंकज, पीपुल्स पार्टी ऑफ इण्डिया (डैमोके्रटिक) के किताब सिंह तथा आदर्श जनता सेवा पार्टी के ईश्वर चंद सालवन शामिल हैं।
61 वर्षीय प्रत्याशी किताब सिंह निवासी वार्ड नम्बर-1, गांधी नगर, गन्नोर, सोनीपत ने अपने डेक्लेरेशन में 25 लाख तथा अपनी पत्नी के नाम 13 लाख 69 हजार रूपये की चल सम्पत्ति के अतिरिक्त क्रमश: 2 लाख 18 हजार तथा 1 लाख 90 हजार रूपये की राशि अचल सम्पत्ति के रूप दर्शाई है। जबकि स्नातक पास 69 प्रत्याशी ईश्वर चंद सालवन निवासी मकान नम्बर 469, सैक्टर-7, अर्बन स्टेट, करनाल ने अपनी चल सम्पत्ति 10 लाख 39 हजार 105 रूपये तथा पत्नी के नाम 74 हजार 220 रूपये कीमत की चल सम्पत्ति, 1 लाख 6 हजार 436 रूपये की अचल सम्पत्ति तथा स्वयं अधिगृहित अचल सम्पत्ति पर निर्माण की 7 लाख 80 हजार रूपये दर्शाई है। इसके अतिरिक्त 30 वर्षीय तथा 10वीं पास, रमाना-रमानी गांव, जिला कैथल निवासी प्रत्याशी पंकज ने 7 लाख रूपये व 2 लाख रूपये पत्नी के पास नकद, एचडीएफसी बैंक में 1 लाख 70 हजार रूपये की एफडी तथा 20 हजार रूपये की एफडी पत्नी के नाम दर्शाई है। इसी बैंक में 72 हजार रूपये का बैलेंस भी दर्शाया गया है।
नामांकन 23 तक लिए जाएंगे उपायुक्त कोर्ट में, प्रत्याशी सहित केवल 5 को ही कार्यालय में आने की अनुमति-जिला निर्वाचन अधिकारी विनय प्रताप सिंह।
जिला निर्वाचन अधिकारी विनय प्रताप सिंह ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार नामांकन भरने का कार्य 16 अप्रैल से आरम्भ हो गया था, इस प्रक्रिया के तीसरे दिन करनाल लोकसभा क्षेत्र के लिए तीन उम्मीदवारो ने अपने नामांकन दाखिल किए। नामांकन की यह प्रक्रिया रविवार 21 अप्रैल को छोड़कर 23 अप्रैल तक लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि नामांकन का कार्य लघु सचिवालय के प्रथम तल पर उपायुक्त कोर्ट में सुबह 11 बजे से बाद दोपहर 3 बजे तक लिए जा रहे हैं। नामांकन करने वाले प्रत्याशी के सहित केवल 5 व्यक्तियों को ही कार्यालय में आने की अनुमति है।
Post Now India Post Now India