करनाल 22 अप्रैल: न्यायिक परिसर स्थित एडीआर सैंटर में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण करनाल की ओर से मध्यस्थता जागरूकता प्रोग्राम का आयोजन किया गया, जिसमें सभी पैनल एडवोकेट, पैरालीगल वॉलंटियर तथा आम जनता ने भाग लिया। इस प्रोग्राम की अध्यक्षता सीजेएम एवं सचिव जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण हितेश गर्ग ने की। सीजेएम ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय की मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति के निर्देशानुसार समूचे हरियाणा में ज्यादा से ज्यादा मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा मामले आपसी सहमति से मध्यस्थता केन्द्र में निपटाए जा सकें।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जो प्रीलिटिगेशन के केस मध्यस्थता केन्द्र में आते हैं , उनमें से 35 प्रतिशत केसों का निपटारा मध्यस्थता के द्वारा सफलतापूर्वक हो जाता है। कार्यक्रम में मध्यस्थता पैनल के अधिवक्ता समीर अग्रवाल एवं रमन शर्मा ने भी अपने विचार प्रकट किए। सभी अधिवक्ताओं और पीएलवी को किन-किन मामलों में तथा किन्हें-किन्हें फ्री लीगल एड दी जा सकती है, इसके लिए भी जागरूक किया गया ताकि वो अधिक से अधिक आम जनता को जागरूक कर सकें। मध्यस्थता जागरूकता कार्यक्रम के बाद पैनल अधिवक्ताओं के साथ मासिक बैठक का भी आयोजन किया गया तथा उन्हें इस माह के कार्यक्रमों से अवगत कराया गया।
Post Now India Post Now India