कैथल, 29 अप्रैल : उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि वर्तमान गेहूं खरीद सीजन के दौरान जिला की विभिन्न मंडियों तथा खरीद केन्द्रों में गत रविवार तक 6 लाख 42 हजार 3 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है, जिसे न्यूनतम समर्थन मूल्य अर्थात 1840 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा गया है। गत वर्ष इसी अवधि तक जिला में 6 लाख 87 हजार 719 मीट्रिक टन गेहूं की आवक दर्ज की गई थी।
उन्होंने इस संदर्भ में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिला में गेहूं की कुल आवक में से 2 लाख 10 हजार 602 मीट्रिक टन गेहूं खाद्य एंव आपूर्ति विभाग द्वारा, एक लाख 88 हजार 20 मीट्रिक टन हैफेड द्वारा, एक लाख 65 हजार 26 मीट्रिक टन भारतीय खाद्य निगम द्वारा तथा 78 हजार 276 मीट्रिक टन गेहूं हरियाणा वेयरहाउसिंग कोर्पोरेशन द्वारा खरीदा गया है। इसके अलावा हैफे ड कॉमर्शियल द्वारा भी 79 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद गई है। उपायुक्त ने किसानों का आह्वान किया है कि वे गेहूं की फसल को सुखाकर व साफ करके मंडियों में लाएं, ताकि उनकी फसल की बिक्री में कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा है कि किसान गेहूं की फसल की कटाई के बाद खेत में खड़े फसल अवशेषों को आग न लगाएं। ऐसा करना दंडनीय अपराध है तथा ऐसा करने से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल के साथ-साथ जानमाल का नुकसान होने का अंदेशा बना रहता है। फसल अवशेष जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है, भूमि की उर्वरा शञ्चित कमजोर होती है तथा पशुओं के लिए चारे की कमी होती है।
Post Now India Post Now India