कैथल, 3 मई: लोकसभा चुनाव के अंतर्गत कुरूक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के खर्च पर्यवेक्षक एसएस सरदूल, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी व पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने संयुक्त रूप से स्टैटिक सर्विलैंस टीम तथा फ्लाईंग स्कवायड टीम में नियुक्त किए गए अधिकारियों व कर्मचारियों की लघु सचिवालय स्थित सभागार में बैठक लेकर उन्हें चुनावी प्रक्रिया में सजग रहकर कार्य करने के दिशा-निर्देश दिए।
खर्च पर्यवेक्षक एसएस सरदूल ने कहा कि दोनों टीमें आपस में पूरे तालमेल से कार्य करते हुए नाकों पर 24 घंटे निगरानी रखें तथा आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच करें। कोई भी व्यक्ति 50 हजार रुपए से ज्यादा की नकद राशि नही ले जा सकता। यदि इस राशि से अधिक का कोई व्यक्ति मिलता है तो उसकी पूरी जांच पड़ताल करें और आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि नकद पैसे के अलावा गाड़ी में अधिक मात्रा में मोबाईल, वस्त्र इत्यादि वस्तुएं मिलती है तो उसकी भी पूरी जांच पड़ताल करें। किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट रोजाना देना सुनिश्चित करें। जिला में लगाए गए सभी नाकों का भविष्य में औचक निरीक्षण भी किया जाएगा। सी-विजिल पर आने वाली शिकायतों के निवारण की विस्तृत जानकारी भी रोजाना भिजवाना सुनिश्चित करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं और सभी टीमें हाई अलर्ट पर रहते हुए कार्य करें। सभी नाकों पर पूरी ईमानदारी और निष्ठापूर्ण कार्य करते हुए 24 घंटे नजर बनाकर रखी जाए। डियूटी में कोताही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। चैकिंग के दौरान तैनात किए गए वीडियोग्राफर सभी एंगल से वीडियोग्राफी करें। जिला में 17 नाकों के माध्यम से कड़ी नजर रखी जा रही है। नाकों पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की समस्या या अन्य सूचना मिलती है तो उसे तुरंत संबंधित एआरओ या अन्य उच्चाधिकारियों को सूचित करें। रोजाना चैक किए जाने वाले वाहनों की रजिस्टर में एंट्री करना सुनिश्चित करें। चुनावी प्रक्रिया में अच्छा कार्य करने वाली टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि डियूटी पर लगे अधिकारी व कर्मचारियों में से जिनका संसदीय क्षेत्र कुरूक्षेत्र पड़ता है वे सभी इलैक्शन डियूटी सर्टिफिकेट तथा अन्य संसदीय क्षेत्रों के अधिकारी व कर्मचारी फार्म नंबर 12 भरकर दें तथा अपने मताधिकार का उपयोग जरूर करें।
पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने कहा कि चैकिंग के दौरान सभी अधिकारी व कर्मचारी ठीक व्यवहार करें। अगर आपके नाके से एंबुलैंस गुजर रही है और उसमें मरीज नही है तो उसकी भी गहनता से जांच पड़ताल करें। गाड़ी के डैसबोर्ड सहित अन्य जगहों की गहनता से जांच करें। अगर गाड़ी में कुछ आपत्ति जनक सामग्री मिलती है तो उसे तुरंत थाने में लाकर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए। नाकों के माध्यम से 24 घंटे नजर रखी जा रही है, इसके अलावा अवैध शराब बेचने वालों पर विशेष शिकंजा कसा जा रहा है। सभी संबंधित एसएचओ को निर्देश जारी किए गए हैं कि मुख्य मार्ग के नाकों के अलावा कनैक्टिंग रोड पर भी विशेष चैकिंग निरंतर करते रहें, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व किसी भी प्रकार की शरारत न कर सकें। रात्रि के समय रिफ्लैक्टर, जैकेट, टॉर्च आदि का प्रयोग करते हुए सावधानी पूर्वक कार्य करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी प्रकार की सूचना 100 नंबर या उच्चाधिकारियों को समय पर देना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह, उपमंडलाधीश ईशा कंबोज, अनिल नागर, नवनियुक्त नगराधीश प्रदीप अहलावत, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया, डीआईओ दीपक खुराना आदि मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India