कैथल, 4 मई: राष्ट्र का जो करें उत्थान, करे उसी को हम मतदान, वोटर ताई का है पैगाम सभी जरूर करें मतदान, अपना फर्ज निभाना है, मतदान करने जाना है, जैसे पैगाम को लेकर ग्रामीण आंचल में वोटर ताई आम जन मानस को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित कर रही है। पारंपरिक हरियाणवी वेश-भूषा को धारण किए वोटर ताई जैसे ही ग्रामीण महिलाओं को मत के महत्व तथा मतदान करने के लिए अपना संदेश देती है, तो महिलाएं भी 12 मई को मतदान करने का एक संकल्प लेकर वोटर ताई को आश्वस्त करती है कि वे अपने साथ-साथ सभी को मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगी।
बता दें कि जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी के निर्देशानुसार जिला में स्वीप के माध्यम से वोटर ताई के जरिए आम जन को विशेषकर महिला मतदाताओं को आगामी 12 मई को लोकतंत्र के महापर्व में अपनी आहूति डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस विशेष अभियान की सभी ग्रामीण महिलाएं प्रशंसा कर रही हैं कि प्रशासन द्वारा घर द्वार पर मत के महत्व और मतदान की प्रेरणा की जानकारी दी जा रही है। स्वीप के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह ने बताया कि जिला में चलाए जा रहे वोटर ताई अभियान से ग्रामीण महिलाओं में मतदान के प्रति उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीण महिलाएं रूचि से वोटर ताई द्वारा दिए जा रहे मतदान के संदेश को सुनती है और मतदान करने का एक संकल्प भी ले रही है।
जिला की चारों विधानसभा क्षेत्रों में गांव-गांव जाकर वोटर ताई आम जन मानस को जागरूक करने का काम कर रही है। महिलाओं के साथ-साथ विशेष रूप से युवा मतदाताओं को भी जागरूक किया जा रहा है, जो कि लोकसभा आम चुनाव में इस बार पहली बार अपने मत का उपयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि स्वीप के माध्यम से भी विशेष प्रचार अभियान, लोकतंत्र की मेहंदी अभियान तथा अन्य प्रचार-प्रसार से जिला के मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने आम जन से यह भी आहवान किया कि आगामी 12 मई को अधिक से अधिक मतदान करके लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और एक जिम्मेदार तथा जागरूक नागरिक बनें।
Post Now India Post Now India