करनाल 28 मई: मशीनीकरण अभियान के तहत आधुनिक कृषि यंत्रो को बढ़ावा देकर खेतीहर विशेषकर लघु एवं सीमांत किसानो को लाभ पहुंचाने के मकसद से सरकार के सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मेकेनिजम 2018-19 का ड्रा मंलगवार को किसानो की उपस्थिति में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के कार्यालय में सम्पन्न किया गया। ड्रा की कार्यवाही उपायुक्त करनाल एवं इस स्कीम के अध्यक्ष विनय प्रताप सिंह द्वारा मनोनीत जिला राजस्व अधिकारी श्याम लाल की उपस्थिति में की गई। उप कृषि निदेशक आदित्य प्रताप डबास भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
ड्रा के तहत किसानो को 7 तरह के आधुनिक कृषि यंत्र 40 से 50 प्रतिशत सब्सिडी पर आबंटित किए जाएंगे। इनमें बासमती धान की सीधी रोपाई करने वाली मशीन डीएसआर, गेहूँ की कटाई कर उसकी पुली बांधने वाली मशीन रीपर बाईंडर, धान की पराली के गठ्ïठे बनाने वाली मशीन स्ट्रा बेलर, गठ्ïठे से पहले पराली को एकत्र करने वाली मशीन हे-रैक, प्लास्टिक मैट पर उगाई गई धान की पौध से रोपाई करने वाली मशीन पैडी ट्रांस प्लांटर, एक ही खेत में सरसों, चना, गेहूँ व धनिया इत्यादि की बिजाई करने वाली मशीन मल्टी क्रॉप प्लांटर तथा ट्रैक्टर शामिल हैं।
उप कृषि निदेशक के अनुसार इस स्कीम के तहत कृषि यंत्र प्राप्त करने के लिए जिलाभर से 3 हजार 269 किसानो के आवेदन प्राप्त हुए थे। आवेदन के क्रमांक नम्बर अनुसार ही उन्हे टोकन प्रदान किए गए थे, जिनका आज ड्रा हुआ। उन्होंने बताया कि स्कीम की गाईडलाईन अनुसार, 80 ट्रैक्टर, 35 डीएसआर मशीने, 4 पैडी ट्रांस प्लांटर, 8 स्ट्रा बेलर, 10 रीपर बाईंडर, 8 हे-रैक तथा 15 मल्टी क्रॉप प्लांटर अर्थात 160 कृषि यंत्रों को आबंटित किए जाने का लक्ष्य था। इसमें कैटेगरी अनुसार सामान्य वर्ग के किसानो को कुल लक्ष्य का 10 प्रतिशत, महिला किसान को 30 प्रतिशत, लघु एवं सीमांत किसानो को 50 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति वर्ग से सम्बंध रखने वाले किसानो को कुल लक्ष्य के फलस्वरूप 10 प्रतिशत कृषि यंत्र, ड्रा के अनुसार आबंटित किए गए।
उन्होंने बताया कि उपरोक्त आधुनिक कृषि यंत्र किसानो के लाभ के लिए इजाद किए गए हैं। इनके प्रयोग से छोटे विशेषकर लघु एवं सीमांत किसानो को लेबर की समस्या से जुझना नहीं पड़ेगा। पानी की बचत के साथ-साथ किसानो के समय और धन की भी बचत होगी और वे आधुनिक खेती से जुड़ेंगे। उप कृषि निदेशक के तकनीकी सहायक कुलबीर सिंह ने मंच संचालन करते हुए ड्रा की कार्यवाही सम्पन्न करवाई।
Post Now India Post Now India