कैथल, 30 मई: उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि पांचवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की सभी तैयारियां संबंधित विभाग समय रहते पूरी करें। आगामी 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी विभागाध्यक्ष अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ भाग लेना सुनिश्चित करेंगे। कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी खंड स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को भव्य ढंग से संपन्न करवाएंगे।
डॉ. प्रियंका सोनी लघु सचिवालय स्थित कांफ्रैंस हॉल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को मनाने के लिए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दे रही थी। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम, अतिरिक्त उपायुक्त आरके सिंह, उपमंडलाधीश कैथल ईशा कंबोज, उपमंडलाधीश गुहला महेंद्र पाल, नगराधीश प्रदीप अहलावत, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया आदि मौजूद रहे। उपायुक्त ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि 1 जून से 3 जून को प्रात: 6 से 7 बजकर 30 मिनट तक जिला के सभी स्कूलों में पतंजलि योग समिति के शिक्षकों, पीटीआई, डीपीआई, खेल विभाग के योगा ट्रेनर्स, पुलिस विभाग के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक तथा आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। आगामी 9 जून से 11 जून तक उपमंडल तथा खंड स्तर के अधिकारियों व कर्मचारियों, सरपंच, एनसीसी कैडेट्स तथा इच्छुक जन साधारण को प्रशिक्षित किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि 13 जून से 15 जून तक जिला स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों तथा इच्छुक जन साधारण के लिए जाट पोलटैक्निक के ग्राउंड में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 19 जून को प्रात: 7 बजे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पायलट रिहर्सल की जाएगी। इसके साथ-साथ जिला स्तर पर योगा मैराथन आयोजित की जाएगी, जिसमें स्कूल, कॉलेज, गुरूकुल, विश्वविद्यालय, जन साधारण, योग संस्थान, पुलिस विभाग, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस, खिलाड़ी, नेहरू युवा केंद्र आदि भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि 21 जून को प्रात: 7 बजे पांचवा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जिला व खंड स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सभी संबंधित विभाग अपनी तैयारियां पूरी करें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंबुलैंस व अन्य मैडिकल सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं। जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा पेयजल की उचित व्यवस्था करवाई जाए। योग दिवस में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए जीएम रोडवेज बसों की व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे। पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जाएंगे।
इस मौके पर जीएम रोडवेज रामकुमार, तहसीलदार पूंडरी चेतना चौधरी, नायब तहसीलदार ईश्वर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी जोगिंद्र हुड्डा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. पूनम वालिया, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी सतविंद्र गिल, जिला बाल कल्याण अधिकारी बलबीर चौहान, जिला कल्याण अधिकारी सीमा रानी, गुहला नगर पालिका सचिव सुशील कुमार, रामशरण, बलबीर सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India