कैथल, 8 जून: हरियाणा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को उनकी लड़की की शादी के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके अतिरिक्त समाज के सभी वर्गों के अढ़ाई एकड़ कृषि भूमि से कम तथा एक लाख रुपए वार्षिक आय से कम वाले परिवारों को भी यह लाभ दिया जाता है।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि इस योजना का लाभ उठाने के लिए संबंधित परिवार शादी से एक माह पूर्व अपना आवेदन जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय में दें, ताकि शादी के वक्त लाभार्थी को आर्थिक सहायता दी जा सके। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले अनुसूचित जाति, विमुक्त जाति एवं टपरीवास जाति के परिवारों को उनकी लड़की की शादी के लिए 51 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना के तहत सामान्य वर्ग एवं पिछड़े वर्ग से संबंधित गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को उनकी लड़की की शादी के लिए 11 हजार रुपए दिए जाते हैं। इसके अतिरिक्त समाज के सभी वर्गों के अढ़ाई एकड़ कृषि भूमि तथा एक लाख रुपए से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को उनकी बेटी की शादी पर भी 11 हजार रुपए प्रदान किए जाते हैं। महिला खिलाड़ी की शादी हेतू 31 हजार रुपए की धनराशि प्रदान की जाती है। इस योजना के तहत सभी वर्गों की विधवाओं, बेसहारा महिलाएं व अनाथ लड़कियों की शादी के लिए 51 हजार रुपए प्रदान किए जाते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि इसके अलावा कल्याण विभाग द्वारा अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग हेतू नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम 1955 की पालना योजना, डॉ. भीम राव अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना, सिलाई प्रशिक्षण योजना, अनुसूचित जाति से संबंधित संस्थाओं व समितियों हेतू वित्तीय सहायता, डॉ. मेधावी छात्र योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृति योजना,अनुसूचित जाति व पिछड़े वर्ग के उम्मीदवारों को विभिन्न उच्च प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतू आर्थिक सहायता, सफाई एवं जान जोखिम वाले व्यवसायों में लगे लोगों के बच्चों के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृति योजना, बेरोजगार युवकों का कम्प्यूटर के माध्यम से टंकण तथा डाटा एंट्री में कौशल विकास के अलावा अन्य योजनाओं के माध्यम से लाभ प्रदान किया जाता है। जिला कल्याण अधिकारी सीमा रानी ने बताया कि लाभार्थी लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय में सभी कार्य दिवसों में संपर्क करके जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
Post Now India Post Now India