कुरुक्षेत्र 14 जून : लाडवा विधायक डा. पवन सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर नई अनाज मंडी थानेसर के प्रांगण में 21 जून अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों लोग एक साथ योग करेंगे। इस दिवस की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन के आयुष विभाग एवं पतंजलि योग समिति के तत्वाधान में अधिकारियों को योग प्रोटोकोल प्रशिक्षण शिविर में योग की क्रियाएं सिखाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस कड़ी के तहत अग्रसैन पब्लिक स्कूल सेक्टर 13 में योग प्रोटोकोल प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन सैंकड़ों अधिकारियों और कर्मचारियों ने योग के गुर सीखे।
वे शुक्रवार को सुबह 6 बजे योग प्रोटोकोल प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन का शुभारम्भ करने के उपरांत बोल रहे थे। इससे पहले विधायक डा. पवन सैनी, उपायुक्त डा. एसएस फुलिया, अतिरिक्त उपायुक्त पार्थ गुप्ता, डीआरओ डा. चांदी राम चौधरी, जिला आयुष अधिकारी सुदेश जाटियान, जिला खेल अधिकारी यशबीर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री, पतजंली योग पीठ के मंडल प्रभारी पाला राम, महिला विंग की जिला प्रभारी डा. निरुपमा भट्टïी ने दीपशिखा प्रज्ज्वलित कर विधिवत रुप से योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ किया। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर में लगातार बढ़ती संख्या पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उम्मीद के अनुसार अभी भी योग प्रशिक्षण शिविर में संख्या और अधिक बढऩी चाहिए। इसके लिए प्रशासन द्वारा सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने का संदेश समय रहते दिया गया था। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन का कार्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना है। योग को अपने जीवन में शामिल करने का कार्य केवल व्यक्ति स्वयं ही कर सकता है। जब प्रत्येक व्यक्ति रोजाना योग करेगा तो निश्चित ही सरकार और प्रशासन का लक्ष्य और मकसद सफल हो पाएगा।
उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने जिला के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि योग प्रोटोकोल प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन 15 जून को सभी अधिकारी और कर्मचारी अग्रसैन पब्लिक स्कूल सेक्टर 13 में सुबह 5 बजकर 45 मिनट पर बजे पहुंचना सुनिश्चित करेंगे। आयुष विभाग की तरफ से बकायदा हाजिरी भी लगाई जाएगी और इसके बाद आंकलन किया जाएगा कि किन-किन विभाग से अधिकारी और कर्मचारी योग प्रशिक्षण शिविर नहीं पहुंच पाए। उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर द्रोणाचार्य स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। इसी कार्यक्रम को लेकर सभी को प्रशिक्षण देने का कार्य किया जा रहा है।
पंतजलि योग समिति के मंडल प्रभारी पाला राम व महिला विंग प्रभारी डा. निरूपमा भट्टी सहित अन्य प्रशिक्षकों द्वारा अधिकारियों, कर्मचारियों को करीब डेढ़ घंटा योगासन, अलोम-विलोम, कपालभाति सहित दर्जनों प्रकार के आसनों की प्रक्रियाएं करवाई और इस दौरान मास्टर ट्रेनर द्वारा कर्मचारियों की योग आसनों की कमियों को दुरुस्त भी कराया गया। उन्होंने यह भी बताया कि योग और आसन करने से सर्वाइकिल, डायबिटीज, उच्च व निम्न रक्तचाप, एसीडीटी सहित अनेकों प्रकार की बीमारियों से बचा जा सकता है। इस कार्यक्रम के अंत में जिला आयुष अधिकारी डा. सुदेश जाटियान ने सभी मेहमानों का आभार व्यक्त किया।
Post Now India Post Now India