कैथल, 17 जून: अतिरिक्त उपायुक्त के आरके सिंह के निर्देशानुसार हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के कार्यालय में स्वयं सहायता समूह हेतू ऋण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में टीक, शेरगढ, तितरम, प्यौदा, सीवन,पूंडरी खंड से 7 स्वयं सहायता समूह को 45 लाख रुपये के लोन जारी किए। इन लाभार्थियों को मौके पर ही ऋण वितरण पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक आरके कटारिया ने बताया कि ग्रामीण महिलाओं के लिए यह योजना बहुत प्रभावी है, जिसके तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर व बैंकों से ऋण प्राप्त करके अपने कार्य को शुरू कर सकते हैं। इसके माध्यम से वे अपने भविष्य को सुरक्षित कर सकते हैं और अपने बच्चों के भविष्य को सुदृढ कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि 15 स्वयं सहायता समूहों की 21 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं, जिन्हें अगले सप्ताह तक उनके खातों में डाल दिया जाएगा। जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि किसी भी कार्य को शुरू करने के लिए पहले जानकारी प्राप्त करें और इसके बाद पैसों की जरूरत होती है, तो बैंकों के माध्यम से उनकी इस जरूरत को भी पूरा किया जाता है। किसी भी कार्य को करने के लिए सबसे पहले उन्हें प्रशिक्षण भी दिया जाता है। वे स्वयं भी काम करें और अन्य सदस्यों को भी प्रेरित करें। जिला में अभी तक स्वयं सहायता समूहों को 15 करोड़ 80 लाख रुपये के ऋण वितरित किए जा चुके हैं। इन पैसों से वे छोटे-छोटे व्यवसायों की शुरूआत कर रहे हैं और अपनी आमदनी बढा रहे हैं।
डीएफएम टीके राणा ने कहा कि यह प्रक्रिया एक बार की नहीं है। आप सभी बैंकों से बार-बार भी ऋण प्राप्त कर सकते हैं। ऋण की वापसी समय पर करें ताकि उन्हें आगे भी ऋण मुहैया करवाया जा सके। ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूह में जोड़ने का कार्य तेजी से करें, जिससे उनका सामाजिक व आर्थिक विकास हो सके। इस मौके पर सरदारा राम, सागर वर्मा, रामफल, अनिल कुमार तथा विभिन्न गांवों के स्वयं सहायता समूहों की महिला उपस्थित रही।
Post Now India Post Now India