करनाल 21 जून, सोशल मीडिया, ग्रीवेंस ट्रैकर (एसएमजीटी) पर की गई शिकायतों का निवारण करने में करनाल जिला फिर प्रदेशभर में शीर्ष पर रहा है और ऐसा लगभग एक वर्ष से हो रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय में सुशासन कार्यक्रम के परियोजना निदेशक डा. राकेश गुप्ता ने इस उपलब्धि के लिए शुक्रवार को वीडियो कांफ्रैंसिंग के माध्यम से करनाल जिला प्रशासन और उपायुक्त विनय प्रताप सिंह की सराहना की। दूसरी ओर सीएम विंडो पर भी जिला में कोई शिकायत लंबित नहीं है और पूर्व की भांति ये जिला प्रथम स्थान पर रहने के लिए प्रयासरत है।
वीडियो कांफ्रैंस में डा. राकेश गुप्ता ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ सीएम विंडो, एसएमजीटी के अलावा लिंगानुपात में सुधार, हरियाणा विजन जीरो व ई-चालानिंग, हरियाणा राज्य परिवहन के टर्न आऊट में बढ़ोतरी, अंत्योदय सरल प्रोजेक्ट, पब्लिक लाईब्रेरी और सक्षम हरियाणा शिक्षा पर विस्तार से वार्ता कर समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि वे लिंगानुपात में सुधार के लिए एक्टिविटी बढ़ाएं और पीएनडीटी कानून को सख्ती से लागू करें।
करनाल के उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने बताया कि जिला में सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस विभाग व आरटीए कार्यालय के माध्यम से चालान व रिकवरी करने के साथ-साथ सडक़ सुरक्षा समिति की नियमित बैठकें कर सडक़ सुरक्षा से संबंधित दिक्कतों का समाधान किया जा रहा है और इसे लेकर करनाल की गतिविधियां प्रदेश में लगभग सबसे ज्यादा हैं।
उपायुक्त ने अंत्योदय सरल केन्द्र की गतिविधियों और प्रगति बारे जानकारी दी कि अब तक इस केन्द्र में 814096 आवेदन विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए नागरिकों द्वारा किए गए हैं। इसी प्रकार जिला मुख्यालय पर स्थापित सरल केन्द्र में अब जनता के लिए अपॉयंटमेंट की अवधि बढ़ाकर सभी कार्यदिवसों के लिए कर दी गई है और इसके अच्छे परिणाम मिल रहे हैं तथा लोगों में खुशी है और सरकार में उनका विश्वास और अधिक पुख्ता हुआ है।
उपायुक्त ने बताया कि सक्षम हरियाणा शिक्षा में करनाल जिला सक्षम प्लस की ओर बढ़ रहा है। अगस्त व सितम्बर माह में होने वाले टैस्ट में जिला के नीलोखेड़ी व करनाल ब्लॉक शामिल होंगे। इसी अवधि में सक्षम मेगा राऊंड का टैस्ट भी होगा जिसमें सभी ब्लॉक शामिल होंगे। मेगा राऊंड में तीसरी से आठवीं कक्षाओं के बच्चों की परीक्षा होगी जबकि पहले केवल तीसरी, पांचवी व सातवीं कक्षा के बच्चों का टैस्ट होता था।
वीडियो कांफ्रैंसिंग में एडीसी अनीश यादव, एसडीएम नरेन्द्र पाल मलिक, अनुराग ढालिया, सुमित सिहाग, गौरव कुमार, नगराधीश नवीन आहुजा, डीडीपीओ गगनदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India