कैथल, 26 जून: अंतर्राष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस के उपलक्ष में जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा गांव जाखौली में नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि समाज से नशे जैसी बुराई को मिटाने के लिए आम जन प्रशासन का सहयोग करें। अपने आसपास के परिवेश में रहने वाले लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें। परिवार में अधिकत्तर पुरूष वर्ग नशा करता है, परंतू परिणाम महिलाओं को भुगतना पड़ता है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि दृढ़ निश्चय से परिवार व गांव से नशावृति को खत्म करने का प्रण लें। ऐसा करने से हमारी आने वाली पीढ़ी को नशा जैसी सामाजिक बुराई से बचाया जा सकता है। उपायुक्त ने कहा कि पूरे विश्व में नशा के खिलाफ जागरूकता लाने के लिए 26 जून 1989 से अंतर्राष्ट्रीय नशा विरोध दिवस मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का एक ही उद्देश्य है कि समाज की परिपाटी से नशा को खत्म करें और एक सभ्य समाज की स्थापना करें। उन्होंने कहा कि हम सबको एक प्रण लेना चाहिए कि मादक पदार्थों से अपने आपको व अपने आसपास के लोगों को बचाए रखें, जो लोग किसी कारणवश मादक पदार्थों का सेवन करने लगे हैं, उन सभी के साथ सहानुभूति पूर्वक व्यवहार करते हुए प्यार से समझाए और नशा के चंगुल से बचाए।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि भारत वर्ष दुनिया में सबसे युवा देश है। हम सभी को युवाओं को मादक पदार्थ के सेवन से बचाना है। युवा वर्ग कई बार पथ भ्रमित होकर मादक पदार्थों के चंगुल में फंस जाते हैं। सभी अभिभावक और सामाजिक संस्थाएं युवाओं को नशा से होने वाले आर्थिक नुकसान तथा शारीरिक नुकसान के बारे में अवगत करवाएं। नशा करने से एक ओर जहां सामाजिक प्रतिष्ठा खराब होती है, वही मनुष्य के अंदर शारीरिक विकार आकर उसकी आयु भी कम होती है। महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में एक बड़ा कारण नशा भी होता है। हरियाणा प्रदेश भाईचारे की मिसाल रहा है। सभी ग्राम पंचायतें अपने-अपने स्तर पर नशा रोकने के लिए आगे आएं। इस कार्य में प्रशासन द्वारा पूर्णत: सहयोग किया जाएगा। इस मौके पर उपायुक्त ने गांव जाखौली में चल रहे ग्राम सचिवालय में सिलाई सैंटर खोलने का आश्वासन दिया।
पुलिस उप अधीक्षक कुलभूषण ने कहा कि नशा समाज के लिए अभिशाप है। यह एक मीठा जहर है, जो धीरे-धीरे इंसान की जिंदगी को खत्म कर देता है। नशा करने वाले व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार की प्रतिष्ठा खराब होती है और परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ अनेक प्रकार की कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। हमारे समाज के लिए नशावृति घातक है। हम सभी को आने वाली पीढ़ी को नशा से बचाना है और लोगों को अधिक से अधिक नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए जागरूक करना है। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजबीर खुंडिया ने कहा कि सभी ग्राम पंचायतें नशा के खिलाफ एक विशेष मुहिम चलाए, ताकि ग्रामीण परिवेश में नशा जैसी सामाजिक बुराई को जड़मूल से समाप्त किया जा सके। इस मौके पर प्रयास मंच, ओएसडीएवी स्कूल के बच्चों द्वारा नशा के खिलाफ लघु नाटिका दिखाई गई। वत्सल शर्मा ने कार्यक्रम में नृत्यावली पेश करके हरियाणा की समृद्ध संस्कृति से सभी को परिचित करवाया।
इस अवसर पर जिला बाल कल्याण अधिकारी बलबीर चौहान, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी सतविंद्र गिल, कार्यक्रम अधिकारी रेणू पसरिचा, सुनीता शर्मा, सरपंच अनिल कुमार, पवन ढुल, मनी राम कादियान, मेजर अनिल, सुशील कुमार, फूल कुमार, लाजपत राय सिंगला, हरभजन रंधावा, महीपाल पठानिया, लव शर्मा, कर्मचंद जिंदल, डॉ. अश्वनी, राजेंद्र कुमार, ओमप्रकाश, जगीर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India