करनाल 4 जुलाई: देश की राजधानी दिल्ली से जल बचाओ का संदेश लेकर आई केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की संयुक्त सचिव एवं जल शक्ति अभियान की प्रभारी अधिकारी रेख शुक्ला ने करनाल जिला में अपने दौरे के तीसरे दिन घरौंडा और इन्द्री खंड के 7 गांवों का भ्रमण कर इनमें अपशिष्ट जल प्रबंधन के लिए बनाए गए थ्री व फाईव पौंड सिस्टम को देखा और इस विधि से पानी को बचाकर उसे मछली पालन व खेती के प्रयोग में लेने के लिए अच्छा तरीका बनाया। भ्रमण के दौरान ए.सी.यू.टी. आयुष सिन्हा, एसडीएम घरौंडा गौरव कुमार, हरियाणा तालाब व अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य तेजिन्द्र सिंह तेजी, पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता रामफन तथा बीडीपीओ प्रेम सिंह भी उपस्थित थे।
घरौंडा ब्लॉक के गांव गढ़ी मुल्तान, कैमला, बड़सत, हसरपुर व झिंवरेहड़ी में पंचायती राज विभाग द्वारा बनाए गए थ्री व फाईव पौंड सिस्टम की जगहों पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद मिले। सभी जगह पौधारोपण को देखकर उन्हे हर्ष हुआ। संयुक्त सचिव ने ग्रामीणो से संवाद कर उन्हें पानी की महता और इसके पुन: प्रयोग को लेकर वार्ता की। यह भी नसीहत दी कि घर-घर में गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबीन रखे जाएं और इस तरह का कचरा वेस्ट वाटर में मिलकर तालाबों में नही जाना चाहिए। इससे पर्यावरण प्रदूषण और दूषित पानी से बीमारियां फैलती हैं। उन्होंने कहा कि पुराने जमाने में तालाब हमारी ग्रामीण संस्कृति से जुड़े थे और लोग इनकी पूजा करते थे, इसलिए इन्हे गंदा करना उचित नही है।
उन्होंने ग्रामीणों को जल शक्ति अभियान का मकसद भी समझाया और कहा कि पानी को उतना ही प्रयोग करें, जितनी इसकी जरूरत हो। आसानी से मिलने वाला जल आखिर एक दिन समाप्ति की कगार पर आएगा। अपने-अपने घरो में पेयजल पाईपों पर टूटियां लगाकर रखें। विविधीकरण में कम पानी वाली फसलें उगाएं। पानी की बचत के लिए ड्रिप सिंचाई सिस्टम एक बेहतर विकल्प है। उन्होंने बताया कि बहुत से देशो में पानी की कमी है, फिर भी वे कम पानी से अच्छी पैदावार लेते हैं, हमे उनसे सीखना चाहिए। झिंवरेहड़ी गांव में मनरेगा के तहत गहरे खोदे गए तालाब को मछली पालन के लिए तैयार किया जा रहा था। तालाब के पास छोटे से पार्क और उसमें बनाए गए फूथपाथ, गैजीबो, हाई मास्ट लाईट तथा ओपन एयर जिम के उपकरण देखकर संयुक्त सचिव ने यहां की पंचायत की सराहना की। उन्होंने ग्रामीणो से कहा कि जल को बचाने के लिए सरकार एक मिशन मोड मेें काम कर रही है, आप भी उससे जुड़े और जल शक्ति अभियान को जन अंदोलन का रूप देें।
दूसरी ओर इन्द्री खंड के गांव खेड़ा और इन्द्रगढ़ के दौरे में संयुक्त सचिव रेखा शुक्ला ने फाईव पौंड सिस्टम को देखकर उन्हे मॉडल करार दिया और कहा कि थ्री व फाईव पौंड सिस्टम को सभी गांव में लेकर जाएं। उन्होंने इन्द्री के एसडीएम सुमित सिहाग को निर्देश दिए कि इन्द्री में स्टोरम वाटर हार्वेस्टिंग के लिए कई स्पॉट हैं, इन पर तुरंत काम किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी भवनो के परिसर में स्टोरम वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाए जाएं, ताकि छतो व परिसर में एकत्र वर्षा जल को रिचार्ज किया जा सके। हर गांव और अर्बन एरिया में भी ज्यादा से ज्यादा पौधे लगवाएं और उनका संरक्षण हो। इन्द्री खण्ड़ में दौरे के दौरान एसडीएम के साथ पंचायती राज विभाग के एसडीएम गौरव भारद्वाज तथा बीडीपीओ अंग्रेज सिंह भी उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India