कैथल, 1 अगस्त: नगराधीश विवेक चौधरी ने कहा कि आगामी 4 अगस्त को स्थानीय चिल्ड्रन पार्क में भाई संतोख सिंह की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस प्रतिमा का अनावरण हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा वीडियो कांफ्रैंसिंग के माध्यम से किया जाना प्रस्तावित है। सभी संबंधित अधिकारी कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय रहते पूरी करें।
नगराधीश विवेक चौधरी भाई संतोख सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा मूर्ति को रखने के लिए विशेष स्थल का निर्माण किया जाएगा, जिसे समय रहते पूरा किया जाए। सरकार द्वारा इस भव्य मूर्ति का निर्माण किया गया है, जिसे स्थानीय चिल्ड्रन पार्क में स्थापित किया जाएगा। भाई संतोख सिंह का इतिहास कैथल से जुड़ा हुआ है। वर्तमान पीढ़ी को उनके बारे में बताने के लिए मूर्ति स्थापित की जा रही है। लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर विभाग से संबंधित किए जाने वाले कार्यों को पूरा करें। जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी लाईव टैलीकास्ट के सभी प्रबंध करना सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम निर्बाध रूप से संपन्न हो सके। जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा पेयजल की व्यवस्था की जाए। बिजली विभाग कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी से निभाएं। मूर्ति के अनावरण के समय होने वाले कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय रहते मुक्कमल की जाए।
इस मौके पर जीएम रोडवेज रामकुमार, तहसीलदार छोटू राम, डीआईओ दीपक खुराना, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार, एमई राजकुमार के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India