कुरुक्षेत्र 7 अगस्त: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में विधानसभा चुनावों की गतिविधियां तेजी से चल रही है। इन चुनावों को लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने वोटो से सम्बन्धित फार्मो और अन्य तैयारियां शुरु कर दी है। इतना ही नहीं 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष के होने वाले प्रत्येक युवा का अपना वोट बनवाना चाहिए। इसके लिए पात्र व्यक्ति अपने दो पहचान पत्र दस्तावेजों के साथ जिला निर्वाचन कार्यालय या बूथ पर जाकर अभी भी अपना वोट बनवा सकता है। इस कार्य में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि प्रशासन का सहयोग करे ताकि इस जिले में कोई भी पात्र व्यक्ति वोट बनवाने से वंचित ना रह सके।
वे बुधवार को देर सायं जिला निर्वाचन कार्यालय में वोट से सम्बन्धित फार्मो के अपलोडिग़ कार्य का औचक निरीक्षण करने के उपरांत अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। इससे पहले उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने लघु सचिवालय के तृतीय तल पर टोल फ्री नम्बर 1950 के कक्ष, चतुर्थ तल और लघु सचिवालय के नए भवन के द्वितीय तल पर फार्म नम्बर 6 के साथ-साथ अन्य फार्मो के अपलोडिग़ कार्य का निरीक्षण किया और अभी तक अपलोड किए गए फार्मो की फीडबैक रिपोर्ट हासिल की है। इस दौरान उपायुक्त ने चुनाव कार्यालय के अधिकारियों को सख्त आदेश दिए कि वीरवार को सुबह तक वोट से सम्बन्धित फार्म अपलोडि़ंग का कार्य किसी भी सूरत में पूरा होना चाहिए। इस मामले में जरा सी भी लापरवाही सहन नहीं की जाएगी और लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष के होने वाले व्यक्ति को फार्म नम्बर 6 भरकर अपना वोट बनवाना चाहिए, इस फार्म नम्बर 6 के साथ प्रार्थी को राशन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राईविंग लाईसैंस, जन्म प्रमाण पत्र या दसवीं का प्रमाण पत्र इत्यादि में से 2 दस्तावेजों को साथ लाना होगा और दो रंगीन फोटो भी साथ में लानी होगी। यह प्रार्थी जिला निर्वाचन कार्यालय या फिर बीएलओ के पास अपने फार्म नम्बर 6 व दस्तावेजों को जमा करवा सकता है। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि सभी राजनैतिक दल बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति करना सुनिश्चित करे और पात्र लोगों को अपनी वोट बनवाने के लिए प्रेरित करे और इस सम्बन्ध में अधिक से अधिक लोगों को जागरुक भी करे। जिले के सभी आरओ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में दावे आपतियां प्राप्त करेंगे और उनकी तुरंत सुनवाई करना सुनिश्चित करेंगे। इसकी एक प्रति सम्बन्धित राजनैतिक दल को भी भेजी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि चुनाव कार्य में प्रशासन का सहयोग करे और नए मतदाताओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित करे। चुनावों की गतिविधियां तेजी से चल रही है और 10 अगस्त से प्रथम चरण की चैकिंग का कार्य चुनाव आयोग की तरफ से तय कर दिया गया है। सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि, पदाधिकारी या नुमाईंदे प्रथम चरण की चैकिंग प्रक्रिया को देख सकते है। इतना ही नहीं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि कोर्ट परिसर में जिला चुनाव कार्यालय के वेयर हाउस में भी इस कार्रवाई को देख सकते है। इस मौके पर डीआईओ विनोद सिंगला, चुनाव तहसीलदार संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India