करनाल 8 अगस्त: डीएवी पीजी कॉलेज में वीरवार को एक दिवसीय स्वच्छता सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमे स्वच्छ भारत मिशन के कार्यकारी वाईस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। इससे पूर्व कार्यक्रम में पहुंचने पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ रामपाल सैनी ने मुख्य अतिथि सुभाष चंद्र का बुके देकर स्वागत किया ।
सेमिनार में विद्यार्थियों को सम्बोधित करने से पहले सुभाष चंद्र व उपस्थित सभी लोगों ने देश की पूर्व विदेश मंत्री एवं वरिष्ठ राजनीतिज्ञ सुषमा स्वराज की याद में दो मिनट का मौन रखा और उनके प्रति श्रद्धांजलि प्रकट की। विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए सुभाष चंद्र ने छात्र छात्राओं को कॉलेज कैंपस व सार्वजनिक जगहों को साफ रखने बारे अपने फर्जों के प्रति जागरुक किया और गंदगी के कारण होने वाली बीमारियों से बचाव के प्रति सचेत रहने की बात कही। उन्होंने बताया की स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाना केन्द्र व प्रदेश सरकार की मुख्य प्राथमिकता है और सरकार स्वच्छता के मामले में हरियाणा को पूरे देश के समक्ष एक माडल स्टेट के रूप में प्रस्तुत करना चाहती है। यही कारण है कि हरियाणा में स्वच्छ भारत मिशन को एक अभियान के रूप में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई करने से नहीं होती, सफाई रखने से होती है। इसलिए हरियाणा सरकार द्वारा छात्रों , संत समाज और समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से लोगों की आदतों में परिवर्तन लाने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक अपने स्वभाव से ही अपने परिवार और अपने गांव व शहर को स्वच्छ बनाने में पूर्ण सहयोग दे सके। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक हरियाणवीं के लिए गर्व और गौरव की बात है कि हरियाणा के सभी जिले खुले में शौच मुक्त जिले बन गए हैं। उन्होंने कहा कि उनका विभाग प्रदेश को स्वच्छ बनाने के सभी उपाय कर रहा है । वाईस चेयरमैन ने कहा कि स्वच्छता भगवान् की पूजा से कम नहीं है। स्वच्छता पर्यावरण को निर्मल एवं सुन्दर बनाने मे सहयोगी है।हमारी साँसों का आधार पर्यावरण ही है इसलिए हम सभी को इस कार्य में आज से ही जुटना होगा। कूड़ा कचरा इधर उधर न फेंक कर कुड़ादान का हमेशा उपयोग करें।
्् कॉलेज प्राचार्य डॉ रामपाल सैनी ने भी विद्यार्थियों के साथ अपने विचार साझा करते हुए कहा कि स्वच्छता की शुरूआत हमें सबसे पहले खुद से ही करनी चाहिए। अपने आस पास की साफ सफाई को हमें अपनी आदत बनानी चाहिए, तभी हम दूसरों के समक्ष उदाहरण पेश कर सकते हैं। अन्य को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता मिशन एक अच्छी शुरूआत है। स्वच्छता के लिए हम सभी को सहयोग देना चाहिए। सेमिनार में अन्य वक्ताओं ने भी छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरुक करते हुए स्वच्छ रहने, गंदगी से फैलने वाली बीमारी पर जानकारी देते हुए सन्देश दिया कि वातावरण स्वच्छ रहेगा तभी हम लोग स्वस्थ जीवन जी पाएंगे। सेमिनार के अंत में विद्यार्थियों व स्टाफ समूह ने स्वच्छता के प्रति शपथ ली। इस दौरान मंच का संचालन डॉ मीनाक्षी कुंडू ने किया।
इस मौके पर कालेज विद्यार्थियों के अलावा डॉ बलराम शर्मा , एडवोकेट राजेश सैनी , रविंद्र वर्मा , सुनील , नरेश , पंकज सहित कालेज स्टाफ उपस्थित रहा।
Post Now India Post Now India