असंध/करनाल, 22 अगस्त हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने असंध की जनता से कहा कि न खाऊंगा न खाने दूंगा, जिसने खाया है उसका भी निकाल दूंगा, आपको तो केवल मेरा अगले पांच साल के लिए लाईसेंस रिन्यू करना है, आगे का काम मेरा। पिछले पांच साल में बिना किसी भेदभाव के प्रदेश की जनता की सेवा की और आगे यह सेवा और कईं गुणा स्पीड से की जाएगी। प्रदेश में विकास की रफ्तार को देखकर विपक्ष में खलबली मची है।
मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा जैसे ही घरौंडा विधानसभा से निकली और असंध विधानसभा में प्रवेश किया हर चौराहे व गांव में नागरिकों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। विधायक स. बख्शीश सिंह ने यात्रा का स्वागत सालवन चौंक असंध जेपी फार्म में भव्य रूप से किया, लोगों ने ढोल-नगाड़े बजाकर मुख्यमंत्री की यात्रा का स्वागत किया और मुख्यमंत्री को आश्वासन दिलाया कि अगले पांच साल भी असंध की जनता उनके साथ है। मुख्यमंत्री ने असंध की जनता को आश्वस्त किया कि जो विकास पिछले पांच साल में हुए हैं उससे कईं गुणा विकास कार्य अगले पांच साल में होंगे। पिछले पांच वर्षों में असंध विधानसभा क्षेत्र में 1000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को करवाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की आदत झूठ बोलकर सत्ता हथियाना नहीं बल्कि सेवा की भावना से काम करना है और पहले भी विकास किया है और आगे भी आपका आशीर्वाद रहा तो यह लगातार जारी रहेगा। मैं आज आपके बीच में अगले पांच साल के लिए अपने लाईसेंस को रिन्यू करवाने के लिए आया हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश के 15 हजार रुपये की मासिक आय वाले परिवार का बीपीएल की श्रेणी में शामिल किया जाएगा, इस परिवार को कहीं चक्कर काटने की जरूरत नहीं वह संबंधित विभाग को अपनी आय का प्रमाण देकर और उसका बीपीएल कार्ड बनवा सकते हैं परंतु ऐसे अपात्र व्यक्ति जिनकी आय 15 हजार रुपये मासिक से अधिक है उन्हें भी अपना बीपीएल श्रेणी से हटवाना चाहिए ताकि अन्य पात्र को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों 56 हजार परिवारों को सार्वजनिक रूप से बीपीएल कार्ड वितरित किए हैं ताकि इन परिवारों का जीवनयापन सरल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पहले बीपीएल की श्रेणी में आने के लिए परिवारों को काफी मशक्कत करनी पड़ती थी नेताओं के चक्कर लगाने पड़ते थे जिसके कारण अपात्र लोगों को भी इसका लाभ मिलता था और पात्र परिवार रह जाते थे। परंतु हमने निर्णय लिया है कि 15000 रुपये मासिक आय वाले परिवार को बीपीएल की श्रेणी में लाएंगे उसका आवेदन के बाद सर्वे किया जाएगा। यदि सर्वे में सब ठीक पाया गया तो उसको बीपीएल श्रेणी का लाभ दिया जाएगा, किसी भी व्यक्ति को कहीं भागने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने इस मौके पर यह भी बताया कि जब 2014 में भाजपा सरकार आई थी, उस समय प्रदेश का बजट 61 हजार करोड़ रुपये था। हमने पांच साल में इस बजट के तहत यानि 2019-20 के लिए यह बजट 1 लाख 20 हजार करोड़ रुपये किया गया है। हरियाणा प्रदेश के गठन के बाद पहली बार बनी भाजपा की पूर्ण बहुमत सरकार ने वायदों से बढकर काम किया है और लोगों की उम्मीदों एवं आकांक्षाओं पर सरकार खरा उतरी है। यही कारण है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की सभी 10 सीटों पर प्रचंड जीत के साथ एक इतिहास कायम किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने हरियाणा एक-हरियाणवी एक तथा सबका साथ-सबका विकास के ध्येय के साथ सभी का विश्वास जीतने का काम किया है। सरकार ने बिजली, सडक और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
सांसद एवं जन आशीर्वाद यात्रा के संयोजक संजय भाटिया ने कहा कि हमें ऐसे मुख्यमंत्री मिले हैं जो ईमानदार और कर्मठ हैं, पूरे देश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल का नाम ईमानदारी के मामले में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि जो मेहनत लोकसभा के चुनाव में की है अब नम्बर विधानसभा चुनाव का है। हमने भाजपा को 75 प्लस का आंकड़ा पार करवाना है और दोबारा से मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बनाना है।
विधायक स. बख्शीश सिंह ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने असंध में वो किया जो 48 साल में कोई नहीं कर सकता, पांच साल पहले का असंध और आज के असंध को कोई देखे तो उसमें बहुत बदलाव दिखाई देगा, यह सब मुख्यमंत्री मनोहर लाल की दूरगामी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मंडी का विस्तारीकरण, असंध में बाईपास का निर्माण, हर गांव में सडक़ें, चौपालें, असंध में कॉलेज, आईटीआई, असंध का बस अड्डा यह सब मुख्यमंत्री की देन है। मुख्यमंत्री ने असंध विधानसभा क्षेत्र में करीब 1000 करोड़ रुपये के विकास कार्य असंध विधानसभा क्षेत्र में करवाए हैं। उन्होंने कहा कि पांच साल तक असंध विधानसभा क्षेत्र के गांवों में इतने विकास कार्य हुए हैं कि सरपंचों को समय पर मिस्त्री भी नहीं मिल सके।
इस अवसर पर मंत्री कविता जैन, सांसद संजय भाटिया, भाजपा के प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहाकर अमित आर्य, ओएसडी अमरेंद्र सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद, शमशेर नैन, भाजपा नेता रामेश्वर चौहान सहित स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बॉक्स: संजय मेहला ने सैंकड़ों साथियों के साथ किया जन आशीर्वाद यात्रा का भव्य स्वागत।
मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा का बल्ला गांव में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं जिला परिषद के चेयरमैन पति संजय मेहला द्वारा सैंकड़ों की संख्या में समर्थकों के साथ भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने संजय मेहला व उनके साथियों का आभार प्रकट किया और कहा कि हरियाणा के भविष्य के लिए भाजपा में लोगों की उम्मीद जगी है, हमने पिछले पांच साल में ईमानदारी और नेक नीयत से प्रदेश में समान विकास कार्य करवाए हैं। इसी के बलबूते आज हम जन आशीर्वाद यात्रा लेकर लोगों के बीच में अगले पांच साल के आशीर्वाद के लिए पहुंचे हैं। संभव है कि प्रदेश की जनता हमारे 75 प्लस के लक्ष्य को पार करेगी। उन्होंने हाथ उठाकर लोगों से समर्थन मांगा, उपस्थित सभी लोगों ने एकमत से जोरदार नारे के साथ मुख्यमंत्री को आने वाले विधानसभा चुनाव में समर्थने देने की हामी भरी।
बॉक्स: योगेन्द्र राणा काफी कर्मठ कार्यकर्ता, हजारों लोगों ने योगेन्द्र राणा के नेतृत्व में किया जन आशीर्वाद यात्रा का भव्य स्वागत।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जन आशीर्वाद यात्रा का सालवन गांव में हजारों की भीड़ ने भव्य स्वागत किया, भीड़ को देखकर मुख्यमंत्री गदगद हुए। यह कार्यक्रम भाजपा के जिला महामंत्री योगेन्द्र राणा के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य के लिए भाजपा को फिर से भारी बहुमत से जीताना होगा, उपस्थित भीड़ ने एक स्वर से मुख्यमंत्री का समर्थन किया। सांसद संजय भाटिया ने कहा कि योगेन्द्र राणा काफी मेहनती है और पार्टी का कर्मठ कार्यकर्ता भी है। उनकी मेहनत का परिणाम है कि उन्होंने इस स्वागत कार्यक्रम को काफी भव्य रूप से आयोजित किया है।
Post Now India Post Now India