हरियाणा कला परिषद मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर की साप्ताहिक संध्या स्वच्छ भारत द बैले से सजी। हरियाणा कला परिषद के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में डा. कविता ठाकुर के निर्देशन में कत्थक, छाउ, ओड़िसी व कंटेम्परेरी नृत्य का सम्मिश्रण देखने को मिला। इस मौके पर लाडवा विधायक डा. पवन सैनी बतौर मुख्यअतिथि उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रुप में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज के निदेशक इंद्रजीत सिंह ग्रोवर, हरियाणा कला परिषद की पूर्व कार्यक्रम अधिकारी लीला सैनी उपस्थित रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष संजय भसीन ने की। मंच का संचालन विकास शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर की गई। इसके बाद पुष्पगुच्छ के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया। वहीं मैक के क्षेत्रीय निदेशक नागेंद्र शर्मा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि भारत को स्वच्छ बनाने तथा खुशहाली से भरपूर बनाने के लिए आमजन तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाना बेहद आवश्यक है। जिससे प्रत्येक नागरिक देश को स्वच्छ रखने में सहयोग दे सके। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु मैक में स्वच्छ भारत द बैले आयोजित किया गया है। अपनी प्रस्तुति में डा. कविता ठाकुर के निर्देशन में कलाकारों ने दिखाया देश के नागरिक ही सफाई का ध्यान न रखते हुए जगह जगह गंदगी फैला रहे हैं। जिसके कारण महात्मा गांधी लोगों को संदेश देने पहुंचते हैं। कत्थक नृत्य, ओड़िसी नृत्य, कंटेम्परेरी नृत्य तथा छाउ नृत्य के साथ साथ कलाकारों ने अभिनय के माध्यम से सभी को स्वच्छता का संदेश दिया। एक ओर जहंा कविता ठाकुर और साथी कलाकारों ने कत्थक नृत्य से प्रस्तुति में जान डाली वहीं छाउ नृत्य कर रहे कलाकारों ने अपने हैरतअंगेज करतबों से सभी को दांतो तले उंगली दबाने को मजबूर कर दिया। संवाद तथा संगीत के साथ साथ मधुर गायकी प्रस्तुति में चार चांद लगा रही थी। अंत तक पहुंचते हुए द बैले में सभी कलाकारों ने ऐसा जोश भर दिया किया कि सभागार में बैठा प्रत्येक दर्शक तालियों से कलाकारों की हौंसलाअफजाई करता नजर आया। इसके बाद मुख्यअतिथि डा. पवन सैनी ने सभी को सम्बोंधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक सपना है जिसमें भारत एक स्वच्छ, स्वस्थ तथा समृद्ध देश के रुप में अपनी पहचान बनाए। इस सपने को पूरा करने मे ंप्रत्येक नागरिक को अपना सहयोग देना चाहिए। कलाकारों के प्रस्तुतिकरण में सभी की अदायगी इतनी बेहतरीन रही कि दर्शक सभी को बधाई देते नजर आए। अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह तथा अंगवस्त्र भेंट किया गया। वहीं संजय भसीन ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि हरियाणा कला परिषद अपने उद्देश्य को पूरी निष्ठा के साथ पूरा करने में तत्पर हैं, जिसके अंर्तगत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के द्वारा प्रदेश की कला को बढ़ावा दिया जा रहा है।
Check Also
श्रीमद्भागवत कथा में सुनाया भक्त धु्रव प्रसंग
कुरुक्षेत्र, 28 जनवरी। सैक्टर-3 शिव मंदिर में भागवत प्रेमियों द्वारा संगीतमयी श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ …
Post Now India Post Now India