पिहोवा 15 दिसम्बर | उपमंडल अधिकारी नागरिक निर्मल नागर ने कहा कि पिहोवा में प्रशासन की तरफ से सरस्वती तीर्थ पर जिलास्तरीय गीता महोत्सव का आयोजन 16 से 18 दिसम्बर तक किया जाएगा। इस महोत्सव के हर क्षण को यादगार बनाने का हर सम्भव प्रयास किया जाएगा। इसके लिए पिहोवा वासियों के सहयोग की निहायत जरुरत होगी। इस महोत्सव का शुभारम्भ हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भारत भूषण भारती करेंगे।
वे जिलास्तरीय गीता महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रशासन की तरफ से जिलास्तरीय गीता महोत्सव का शुभारम्भ 16 दिसम्बर को दोपहर करीब 3:30 मिनट पर किया जाएगा। इस कार्यक्रम का शुभारम्भ एचएसएससी के चेयरमैन भारत भूषण भारती करेंगे और उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केन्द्र पटियाला की तरफ से 5 से ज्यादा राज्यों के 100 कलाकार अपने-अपने राज्य की लोक संस्कृति को प्रस्तुत करेंगे। 17 दिसम्बर को लाडवा के विधायक डा. पवन सैनी दोपहर 2 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारम्भ करेंगे। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में पदमश्री मोहन स्वरुप भाटिया वंृदावन रासलीला की प्रस्तुती देंगे।
उन्होंने बताया कि 18 दिसम्बर को दोपहर 12 बजे से लेकर सवा 12 बजे तक वैश्विक गीता पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के बाद उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक कला केन्द्र पटियाला के कलाकारों द्वारा बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुती दी जाएगी। इसके अलावा 2 बजकर 30मिनट पर नगर शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि 16 से 18 दिसम्बर तक विभिन्न विभागों द्वारा सरस्वती के तट पर कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में सभी विभाग उपलब्धियों और राज्य सरकार की योजनाओं को प्रदर्शित करेंगे।
Post Now India Post Now India