Breaking News
Home / Events / मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की सभी जिलों में बाढ़ नियंत्रण उपायों के कार्यों की समीक्षा

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की सभी जिलों में बाढ़ नियंत्रण उपायों के कार्यों की समीक्षा

कुरुक्षेत्र 5 जनवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रकृति से मिलने वाला जो पानी बाढ़ के रूप में कहर बरपाता है और मानव जीवन, कृषि व अन्य संसाधनों को नुकसान पहुंचाता है, उसे योजनाबद्घ तरीके से जीवन का स्रोत बनाया जा सकता है। इसके लिए सभी जिलों के अधिकारी प्रदेश स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कार्ययोजना की सफलता में अपना सहयोग करें और स्वयं भी अपने जिलों में नए प्रयोग करें। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने देर सायं वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बाढ़ नियंत्रण उपायों की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने  शिवधाम योजना, तालाबों के विकास व परिवहन विभाग से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की और इनके क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बाढ़ नियंत्रण के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं। इसके तहत करवाए जाने वाले सभी कार्यों का निरीक्षण स्वयं उपायुक्त करें ताकि इससे संबंधित योजनाओं को समयबद्घ तरीके से पूरा करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि बरसात के पानी की बूंद-बूंद को सहेजने की जरूरत है। इसके लिए रिचार्जिंग प्रणाली को मजबूत करने की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए और अधिक बरसात होने पर अतिरिक्त पानी का कम पानी वाले क्षेत्रों में सदुपयोग करने की रणनीति बनाई जाए। इसके लिए ड्रेन सिस्टम व नहरी तंत्र को मजबूत बनाए जाने की जरूरत है। यदि ऐसा किया जाता है तो जो जल प्रलय ला देता है वही जल भूमिगत जाकर भविष्य की संचित निधि बन सकता है। उन्होने कहा कि हालांकि इस वर्ष बरसात में कमी दर्ज की गई है लेकिन फिर भी बाढ़ नियंत्रण उपायों की सफलता दर पिछले वर्षों के मुकाबले अधिक रही। उन्होंने कहा कि पानी की अधिकता से कभी भी मानव जीवन, कृषि अथवा संसाधनों को नुकसान नहीं होना चाहिए। इसके लिए प्रदेश में 165 नई योजनाओं पर कार्य चल रहा है। उन्होने कहा कि आने वाले मानसून सीजन से पहले सभी कार्य सम्पन्न कर लिए जाएं। इन कार्यों के पूरा होने से आबादी व फसल को बाढ़ से बचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं की समय सीमा का आंकलन होना चाहिए।

About Pankaj Arora

Check Also

स्वास्थ्य विभाग ने विश्व टीकाकरण सप्ताह तथा एम.आर. (खसरा-रूबेला) उन्मूलन अभियान का किया शुभारंभ

पिपली (कुरुक्षेत्र) (निस) 26 अप्रैल । स्वास्थ्य विभाग हरियाणा द्वारा जिला मे मनाए जा रहे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *