करनाल : नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता ने कहा कि अच्छी शिक्षा ही बेहतर समाज का निर्माण कर सकती है। अच्छी शिक्षा ही देश को अच्छा भविष्य दे सकती है। नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता आज शिव कालोनी में स्थित शिव पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बच्चों एवं अभिभावकों को सम्बोधित कर रही थी। रेनू बाला गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि आज के बच्चे ही कल का भविष्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षा एक ऐसा गहना है जिसे कोई चुरा नहीं सकता। उन्होंने शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि देश के बेहतर भविष्य की चाबी उनके हाथ में है। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों की भी जानकारी दें क्योंकि आज के बच्चे ही कल देश के जिम्मेवार नागरिक हैं। आज के बच्चे ही कल के नेता, वैज्ञानिक, डाक्टर, इंजीनियर हैं, जिनके हाथों में देश की तरक्की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा शिक्षा को प्रत्येक बच्चे तक पहुंचाने के लिए जो कार्य किए गए हैं वह सराहनीय है। गरीब बच्चों के लिए नि:शुल्क शिक्षा का प्रावधान है। उन्होंने स्कूल संचालकों का भी आह्वान किया कि वह जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई में आर्थिक योगदान दें। कार्यक्रम में बच्चों ने हरियाणवी नृत्य, पंजाबी गिद्दा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता व देशभक्ति से संबंधित नाटक व गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर पूर्व पार्षद शीला रानी, पार्षद जोगिन्द्र शर्मा, स्कूल संचालक नरेश कुमार, मीना कुमारी, कान्ता, मंजू, सोनिया, पूनम, कुसुम सहित अन्य अध्यापक व अभिभावक मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India