कैथल, 7 अप्रैल: कैथल पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से स्थानीय महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम के नजदीक करनाल रोड पर अपनी राहें-अपनी आजादी राहगिरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूल के बच्चों के साथ-साथ स्थानीय आम जन व छोटे-छोटे बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। राहगिरी में जहां मौजूद लोगों ने इन पलों का खूब आनंद लिया वहीं सड़क से गुजर रहे व्यक्ति भी इन कार्यक्रमों को देखकर वहीं रुक कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में झूम रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएसपी कुलवंत सिंह, कुलभूषण तथा डीएसपी विनोद शंकर ने दीप शिखा प्रज्ज्वलित करके किया।
डीएसपी कुलवंत सिंह ने कहा कि राहगिरी कार्यक्रम से तनाव से मुक्ति मिलती है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जहां छोटे-छोटे बच्चों को मंच मिलता है, वहीं आमजन भी इन कार्यक्रमों का खूब आनंद उठाते हैं। रोजमर्रा की भागदौड़ भरी जिन्दगी में राहगिरी कार्यक्रम से मस्ती के पलों का आभास होता है और व्यक्ति अपने आप को तरोताजा महसूस करता है। उन्होंने कहा कि राहगिरी कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य पुलिस व जनता में आपसी ताल-मेल को बढाने के साथ-साथ लोगों को कुछ पलों के लिए जिन्दगी के तनाव को भुलाकर मस्ती के पलों का आनंद उठाना है।
राहगिरी में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आगाज लव डांस अकादमी की छात्रा पूर्वी शर्मा ने पंजाबी गीत पर नृत्य करके किया। उनकी प्रस्तुति पर सभी मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाकर पूर्वी का हौंसला बढाया। इसके बाद खुशी ने हरियाणवी गीत मनै लैंहगा सिमाणा की प्रस्तुति देकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। छोटी बच्ची प्रियांशु ने नृत्य करके राहगिरी में चार चांद लगाने का काम किया। इसी प्रकार हरदिल ने पंजाबी गीत पर नृत्य करके दर्शकों को अपने साथ नाचने पर मजबूर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्राची ने छन-छन बोलै मेरी तागड़ी पर नृत्य करके दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। डा. महिपाल पठानिया ने जिन्दगी एक सफर है सुहाना गाकर दर्शकों को अपने मोहपाश में बांध लिया। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं के समूह ने विश्वप्रसिद्घ पंजाबी संस्कृतिक से ओत-प्रोत भंगड़ा की प्रस्तुति दी तो वहां मौजूद लोग इन पलों को अपने मोबाईल के कैमरे में कैद करते हुए नजर आए।
राहगिरी कार्यक्रम में मौजूद व्यक्ति वेद ने जिन्दगी की सच्चाई को व्यक्त करती हुई कविताएं और धार्मिक गीत की प्रस्तुति देकर लोगों को सच्चाई की राह पर चलने का संदेश दिया। जतिन, मोहित अरोड़ा तथा लविश ने भी नृत्य पेश करके अपनी कला से सभी को रूबरू करवाया। कार्यक्रम के अंत में वंश शर्मा ने भी अपनी प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर मोहन नायक, लाजपतराय सिंगला, सुनील कुमार, लव शर्मा, राजेश कुमार, महिपाल पठानिया, सतबीर सिंह, अंजू गंभीर, कृष्ण कुमार, सतपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।
Post Now India Post Now India