कुरुक्षेत्र 11 जुलाई: लाडवा विधायक डा. पवन सैनी ने कहा कि लोगों की समस्याओं का त्वरित और निर्धारित समयावधि में समाधान करने के लिए लाडवा हल्के के सरकारी कार्यालयों से एक नई पहल की जा रही है। अब कोई भी व्यक्ति सरकारी कार्यालय में किसी समस्या का समाधान करने के लिए पहुंचेगा तो सम्बन्धित अधिकारी को प्रार्थीगण को लिखित रुप में पर्ची देनी होगी, जिसमें शिकायत से निपटारे से सम्बन्धित समय का उल्लेख किया होगा। इस निर्धारित समयावधि के बाद अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सम्बन्धित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विधायक डा. पवन सैनी वीरवार को नगर पालिका कार्यालय में खुला दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे थे। इससे पहले लाडवा विधायक डा. पवन सैनी, नपा अध्यक्षा साक्षी खुराना ने खुले दरबार में बीपीएल कार्ड, आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पक्की गली बनवाने, खेत की नाली को पक्का करवाने, पीने के पानी, गांव में सौर उर्जा की स्ट्रीट लाईट लगवाने, घरेलू झगड़े, जमीन की निशानदेही, इंतकाल, पैंशन विभाग, मनरेगा, खेल विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और पंचायती विभाग से सम्बन्धित 120 से ज्यादा शिकायतों का मौके पर समाधान किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी कार्य में लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत का एक निश्चित अवधि में समाधान करे ताकि व्यक्ति सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर काटने से बच सके।
उन्होंने कहा कि बिजली सम्बन्धित समस्याओं का निपटारा करने के लिए 6 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि खर्च की जा चुकी है और पानी की नई पाईप लाईन बिछाने के लिए करोड़ों रुपए की राशि सरकार की तरफ से जारी कर दी गई हे। इस शहर के प्रत्येक वार्ड में सामुदायिक केन्द्र बनाए गए है और यह हल्का एक आदर्श विधानसभा की तरफ अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पारदर्शी प्रणाली को अपनाते हुए 400 से ज्यादा सेवाओं को आनलाईन कर दिया है और गांवों में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्य मंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस सरकार का लक्ष्य है कि किसानों की आय को दौगुना किया जाए। इस मौके पर अमित खुराना, सचिव हरिओम काम्बोज, तहसीलदार हरीश कालड़ा, मार्किट कमेटी अध्यक्ष मेघराज सैनी, राजू खुराना, अश्विनी डोगरा, नपा उपाध्यक्ष अनिल माटा, अश्विनी बण, ओमवीर, सुरेश कश्यप, देवराज राजू सहित अन्य कार्यकर्ता और अधिकारीगण मौजूद थे।
Post Now India Post Now India