करनाल 31 अगस्त, प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव(वन एवं लोक निर्माण) आलोक निगम ने शनिवार के दिन चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फे्रसिंग करके सभी उपायुक्तों को निर्देश दिये कि वे आगामी 15 सितम्बर तक पौधारोपण, रेन वाटर हारवेस्टिंग के कार्य तथा जल संग्रहण विकास कार्यक्रमों को मिशन मोड में पूरा करें, अपनी परफोर्मेंस बढ़ाकर सराहनीय रैंकिंग प्राप्त करें। कॉन्फ्रेस में उनके साथ जल शक्ति अभियान के प्रदेश प्रभारी सुधीर राजपाल, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के महानिदेशक अजीत बाला जोशी तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षण डा०अनिल हुड्डा भी उपस्थित थे।
आलोक निगम ने कहा कि जल शक्ति अभियान भारत सरकार का एक महत्वकांक्षी कार्यक्रम है, इसमें इंटरवेंशन कर सभी स्कीमों में अधिक से अधिक पौधे लगवाएं तथा गांवों में उपलब्ध परम्परागत तालाबों की खुदाई के साथ-साथ सभी सरकारी भवनों के परिसर में बरसाती पानी के पुनर्भरण के लिए रेन वाटर हारवेस्टर के जितने स्ट्रक्चर बनाए गए है,उन्हें जल्द ही पूरा करें। जिन कार्यो के लिए धन की आवश्यकता है,उसकी प्रपोजल भेजे, तुरंत पैसा स्वीकृत किया जाएगा। गांव-गांव में लगाए जा रहे कृषि मेलों में ग्रामीणों को पानी बचाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए जागरूक करें। उन्होंने निर्देश दिये कि मनरेगा के तहत जो लक्ष्य निर्धारित किये गए है, उन्हें पूरा करें। इस स्कीम में पौधारोपण करवाकर और उनकी देखभाल भी सुनिश्चित करें तथा इसकी रिपोर्ट मुख्यालयों को भेजते रहे।
करनाल के उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने वीडियो कान्फ्रेंस में बताया कि वन विभाग द्वारा जिला में 2 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, अब तक 1 लाख 66 हजार पौधे लगाए जा चुके है। अभी 34 हजार पौधे और लगाए जाने है। पौधागिरी कार्यक्रम के तहत 94 हजार पौधे स्कूलों में वितरित किये जा चुके है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा हाईड्रोलोजिस्ट के सहयोग से 87 लोकेशन वाटर हारवेस्टिंग सिस्टम के लिए पहचान कर ली गई है। गांवों में उपलब्ध परम्परागत तालाबों के नवीनीकरण के लिए 119 तालाबों पर काम किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि शहरी क्षेत्र में भी मुख्य सचिव हरियाणा की ओर से 1 लाख पौधे लगाने का अलग से लक्ष्य दिया गया है। नगर निगम लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रयासरत है।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अनीश यादव, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता तथा वन मंडल अधिकारी विजेन्द्र अहलावत भी उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India