कुरुक्षेत्र 2 जनवरी उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने बुधवार को लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में श्रीकृष्ण सर्किट प्रोजैक्ट के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रोजैक्ट के तहत चल रहे विकास कार्यो का समय-समय पर सम्बन्धित अधिकारी मौके का निरीक्षण करे ताकि कोई कमी न रह जाए।
डीसी ने बैठक में ब्रहमसरोवर पर बन रहे मल्टी पर्पज पर्यटक सूचना केन्द्रों तथा आरसीसी रेलिंग के बारे में अधिकारियों से पूछा तो इसपर अधिकारियों ने बताया कि सूचना केन्द्रों का कार्य चल रहा है और जल्द ही इसको पूरा कर लिया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि जहां-जहां विकास कार्य पूरे हो चुके है वहां पर साईनेज बोर्ड लगाए जाए ताकि लोगों को अधिक से अधिक जानकारी मिल सके। डीसी ने कहा कि ब्रहमसरोवर पर जो म्यूरल पेेंटिंग का कार्य चल रहा है, इन पेंटिंगों में शब्दों से सम्बन्धित कोई गलती ना हो इस बात का पूरा ध्यान रखा जाए। ज्योतिसर तीर्थ पर हो रहे विकास कार्यो के अंतर्गत स्नान घाट के बारे में अधिकारियों ने डीसी को बताया कि इन घाटों का कार्य आगामी 31 जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा तथा जो यहां आरसीसी रेलिंग का कार्य होना था, वह भी पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा प्रवेश द्वार का कार्य भी आगामी 30 अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। श्रीकृष्ण सर्किट प्रोजैक्ट के तहत महाभारत थीम बिल्डिंग का कार्य तेजी से चल रहा है जो कि आगामी 30 सितम्बर तक पूरा हो जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि कैफेटेरिया का कार्य करीब 75 प्रतिशत पूरा हो चुका है तथा क्लाक रुम व एक्सरे रुम भी 30 अप्रैल तक बना लिए जाएंगे।
बैठक में डीसी ने नरकातारी में हो रहे कार्यो के बारे में जानकारी ली। इस बारे में अधिकारियों ने बताया कि आरसीसी रेलिंग का कार्य तेज गति से चल रहा है, इसके अलावा सन्निहित सरोवर पर हो रहे विकास कार्यो के बारे में विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में शहर में हो रहे विकास कार्यो की भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को कहा कि जहां भी शौचालय बने हुए है, उनकी पूरी तरह से साफ-सफाई हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाए। डीसी ने कहा कि वह जल्द ही श्रीकृष्णा सर्किट के अंतर्गत हो रहे विकास कार्यो का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने साफ किया कि इस प्रोजैक्ट के अंतर्गत हो रहे विकास कार्यो में किसी प्रकार की कोई लापरवाही ना हो। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, सीटीएम सयंम गर्ग, केडीबी सदस्य उपेन्द्र सिंघल सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Post Now India Post Now India