कैथल, 26 जुलाई: उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने जल शक्ति अभियान के क्रियांवयन की समीक्षा करते हुए पंचायत विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे इस अभियान के तहत निर्धारित किए गए लक्ष्य को समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें। केंद्र सरकार द्वारा पोर्टल के माध्यम से जल शक्ति अभियान की प्रगति की निरंतर समीक्षा की जा रही है।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी स्थानीय लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जल शक्ति अभियान के क्रियांवयन की समीक्षा कर रही थी। उन्होंने सभी एबीपीओ को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक ग्राम पंचायत में 25-25 सोकेट पिट, 500 पौधा रोपण तथा कम से कम एक रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के निर्धारित लक्ष्य को आगामी 15 सितम्बर तक पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकार की हिदायतों के अनुसार किसी भी गतिविधि के शुरू करने से पूर्व एवं सम्पन्न होने के बाद का फोटो लेकर अपलोड किया जाए तथा जीओ टैगिंग भी की जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता को भी जल शक्ति अभियान की एप को अपने मोबाईल फोन में डाउनलोड करके अपना फीड बैक डालने के लिए प्रेरित किया जाए। इस बैठक में सभी एबीपीओ एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को जल शक्ति अभियान के दौरान क्रियांवित की जा रही गतिविधियों को पोर्टल पर अपलोड करने एवं अन्य संबंधित जानकारी भी स्क्रीन के माध्यम से दी गई।
जिला परिषद के उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश रविश ने कहा कि सभी संबंधित विभागों के कर्मचारी टीम भावना से कार्य करें तथा निर्धारित लक्ष्य को तय समय सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार गत एक जुलाई से आगामी 15 सितम्बर तक जल संरक्षण के उद्देश्य से जल शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान वर्षा के जल को भूमि में रिचार्ज करने से संबंधित अनेक गतिविधियां चलाई जा रही हैं।
पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता राकेश गोयल ने कहा कि इस अभियान के तहत जिला में केंद्रीय अधिकारियों की टीमों का दौरा कार्यक्रम निर्धारित किया गया है, जिसके तहत गत 15 से 17 जुलाई तक विभिन्न टीमों द्वारा विभिन्न गांवों का निरीक्षण किया तथा जल संरक्षण की दिशा में किए जाने वाले प्रबंधों का जायजा लिया। यह टीमें आगामी अगस्त एवं सितम्बर माह में भी जल संरक्षण अभियान के तहत चलाई गई गतिविधियों की समीक्षा करेंगी। इस अवसर पर एडीआईओ राजीव शर्मा, पंचायती राज विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के एसडीओ, जेई एवं एबीपीओ व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India