Breaking News
Home / Uncategorized / कटाबाग में इंटरलॉकिंग से गलियों के निर्माण कार्य जोरों पर, आयुक्त ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

कटाबाग में इंटरलॉकिंग से गलियों के निर्माण कार्य जोरों पर, आयुक्त ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

करनाल 10 सितम्बर: वर्षों से विकास की बाट जो रहे रामपुरा कटाबाग के दिन अब बहुरने लगे हैं। जो गलियां कीचड़ से सनी रहती थी, उन्हें अब इंटरलॉकिंग टाईलों से संवारा जा रहा है। उम्मीद है कि अगले दो महीने में इस क्षेत्र का कायाकल्प दिखाई देगा। मंगलवार को नगर निगम के नए आयुक्त निशांत कुमार यादव ने इंजीनियरो की टीम के साथ कटाबाग का दौरा कर वहां किए जा रहे इंटरलॉकिंग के कार्य का निरीक्षण किया। उनके साथ मुख्य अभियंता ठाकुर लाल शर्मा, डीएमसी धीरज कुमार, कार्यकारी अभियंता अक्षय कुमार, सहायक अभियंता लख्मीचंद राघव तथा कनिष्ठ अभियंता रवि कुमार भी मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बताया कि इंटरलॉकिंग से गलियों के कार्य पर करीब 1 करोड़ रूपये की राशि खर्च होगी। इस राशि से डेढ दर्जन से अधिक गलियां और छोटी-छोटी अप्रोच गलियां मिलाकर करीब 30-32 गलियां बनाई जाएंगी। उन्होंने इस कार्य को देख रहे एम.ई. व जे.ई. को निर्देश दिए कि सभी गलियों व उनके मेन हॉल का लेवल ठीक से हो और क्वालिटी का खास ध्यान रखा जाए। गंदे पानी की निकासी के लिए गलियों के दोनो ओर ओपन ड्रेन या नालियां भी सही तरीके से बनाई जाएं, ताकि गलियों में दोबारा वाटर लॉगिंग जैसी समस्या ना हो। गौर हो कि इंटरलॉकिंग के कार्यों को टैण्डर बीती 9 अगस्त को लगाया गया था और 16 अगस्त को टैण्डर खोले जाने के बाद काम की शुरूआत की गई।

उन्होंने बताया कि गलियों के कार्यों पर करीब दो महीने लग जाएंगे। अभी 15-16 प्रतिशत काम हुआ है, लेकिन इसमें तेजी लाई जाएगी, ताकि लोगो को सुविधा मिले। बता दें कि मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल की भी इच्छा है कि कटाबाग में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सभी गलियों इंटरलॉकिंग टाईलों से बनाई जाएं। इसी को लेकर उन्होंने पिछले दिनो अधिकारियों के साथ कटाबाग का दौरा भी किया था और अब यहां विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।

आयुक्त ने मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि गलियों में जहां-जहां वाटर लॉगिंग की समस्या रहती है, उसे खत्म करें और नालियों को सीवर लाईन से जोड़ें। उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनो में दोबारा इस क्षेत्र का दौरा कर काम का निरीक्षण करेंगे। जिन गलियों को इंटरलॉकिंग से बनाया जाएगा, आयुक्त ने पैदल घूमकर उनका मुआयना किया और साथ-साथ अधिकारियों को निर्देश देते रहे। इस दौरान उनकी भेंट यहां के पार्षद जय भगवान कश्यप से भी हुई, जिन्होंने गलियों के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री और नगर निगम का आभार व्यक्त किया।

कटाबाग निवासी कृष्ण, राजकुमार और सुशील कुमार ने बताया कि वर्षों बाद किसी ने इस क्षेत्र की सुध ली है और इससे अब यहां के जन-जीवन में बदलाव आएगा। इसके इन लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

About postnow

Check Also

सरकार ने किसानों के लिए खोला क्षतिपूर्ति पोर्टल:नेहा सिंह

कुरुक्षेत्र । उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि सरकार ने किसानों के लिए राजस्व विभाग …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *