करनाल। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, करनाल (नराकास) के बैनर तले कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय में एक संयुक्त नगरस्तरीय हिन्दी कार्यशाला का आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्षीय कार्यालय राष्ट्रीय डेरी अनुसंधान संस्थान के सहायक निदेशक व सदस्य सचिव राकेश कुमार कुशवाहा ने राजभाषा नीति, नियमों व व्यवस्थाओं का प्रबंधन व हिन्दी में ईमेल कैसे तैयार करें जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी व्याख्यान दिया। व्याख्यान के दौरान पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के द्वारा प्रतिभागी अधिकारियों व कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण भी करवाया गया। कार्यक्रम में भारतीय गेहूँ एवं जौ अनुसंधान संस्थान, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, गन्ना प्रजनन संस्थान, आयकर कार्यालय, करनाल मण्डल डाकघर, सरकारी चिकित्सा सामग्री भण्डार, राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण कार्यालय, रक्षा पेंशन संवितरण कार्यालय, सहायक श्रम आयुक्त केन्द्रीय कार्यालय, केन्द्रीय भण्डारण निगम प्रथम व नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के अधिकारी व कर्मचारी भी शामिल हुए। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त अमित सिंगला ने नराकास करनाल के बैनर तले आयोजित की गई इस संयुक्त कायर्शाला को प्रतिभागियों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि नराकास करनाल राष्ट्रीय डेरी अनुसंधान संस्थान के समन्वय में राजभाषा हिन्दी के उत्थान की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है तथा सदस्य कार्यालयों को मार्गदर्शन भी करती है। उन्होंने यह भी बताया कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन भारत सरकार के नियमानुसार अपने कार्यालय में राजभाषा हिन्दी के प्रचार, प्रसार व कार्यान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है तथा आगे भी ऐसी कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। सहायक आयुक्त विक्रम सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
Post Now India Post Now India