कैथल, 29 मई: उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने जिला वासियों से आह्वान किया कि गर्मी के मौसम में छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर लू से बचा जा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्मी से बचाव के बताई गई बातों पर गौर करने की अपील करते हुए कहा कि लू से बचाव के लिए विशेष सावधानियां बरतनें की जरूरत होती है। दिनचर्या पर ध्यान देने से लू से बचा जा सकता है।
डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि लू से बचने के लिए दिन में लस्सी व नींबू पानी का अधिक से अधिक प्रयोग करें। दिन में अधिकत्तर समय छाया में रहें। बाहर निकलते समय सिर पर कपड़ा रखें। गर्मी के मौसम के चलते सूती कपड़ों का प्रयोग करें। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच शारीरिक परिश्रम से बचें। ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं। लू लगने पर तुरंत प्रभाव से ठंडी जगह पर जाएं। लू की चपेट में आने पर बर्फ आदि का प्रयोग करें। बच्चों को धूप से बचाएं, वाहनों के टैंक को पूरा न भरवाएं। गाडि़यों में हवा व पानी निरंतर चैक करवाएं। घर पर उपचार के दौरान यदि सुधार नही होता है तो संबंधित प्रभावित व्यक्ति को तुरंत अस्पताल लेकर जाएं।
उन्होंने बताया कि गर्मी से बचाव के लिए सीधे तौर पर धूप के प्रभाव न आएं। छाते या सिर पर कपड़े के बिना धूप में न निकलें। काले व गहरे रंग के कपड़े पहनने से बचे। एयर कंडीशनर या कुलर के सामने से एक दम धूप में न जाएं। धूप में कठोर परिश्रम न करें। प्रभावित व्यक्ति को ठंडी जगह में जाने में देर नही करनी चाहिए। शरीर को गर्म हवा न लगने दें। उन्होंने कहा कि दिनचर्या के दौरान कुछ सावधानियां रखने से लू के प्रकोप से बचा जा सकता है। आम जन को चाहिए कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई सावधानियों पर गौर करें।
Post Now India Post Now India