सीवन, 21 जुलाई: जिला में चल रहे राहगिरी कार्यक्रमों की कड़ी में पहली बार सीवन खंड मुख्यालय पर अपनी राहे अपनी आजादी राहगिरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समूचा कार्यक्रम भारत सरकार और हरियाणा सरकार के जल शक्ति अभियान को समर्पित रहा और इसके अलावा कैथल व सीवन के स्कूली बाल गोपालों ने पर्यावरण, नशा मुक्ति, महिला सशक्तिकरण सहित अन्य सामाजिक मुद्दों पर कार्यक्रम प्रस्तुत कर एक संदेश देते हुए सभी का मन मोह लिया। जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सीवन गांव के सरपंच अमरेंद्र सिंह खारा ने इस कार्यक्रम को प्रायोजित किया था। इस आयोजन में गुहला के विधायक कुलवंत बाजीगर मुख्य अतिथि थे तथा पुलिस अधीक्षक विरेंद्र विज ने बतौर अध्यक्ष कार्यक्रम में शिरकत की।
अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के बाद गणपति वंदन के साथ यह कार्यक्रम आगे बढा और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम के बारास्ता राहगिरी कार्यक्रम में थोड़ी ही देर में वहां मौजूद हर खासो आम को अपने मोहपाश में बांध लिया। इससे पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर तथा पुलिस अधीक्षक विरेंद्र विज ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल परिसर में पर्यावरण संरक्षण के तहत पौधा रोपण भी किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक तथा पुलिस अधीक्षक ने नौजवानों की एक टीम को साईकिल दौड़ के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह 4 किलोमीटर की दौड़ सबसे कम समय में पूरा करने वाले श्यामरूप को अतिथियों द्वारा मंच पर सम्मानित किया गया। जिला सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के सांस्कृतिक दल का बलबीर शर्मा व रामफल शर्मा की अगुवाई में शुरू हुआ कार्यक्रम कड़ीवार आगे बढा। कार्यक्रमों की कड़ी में सुपार्शव जैन बाल सदन कैथल के बच्चों ने यहां हरियाणावीं लोक संस्कृतिक को समर्पित हरियाणवी नृत्यों से प्रभाव छोड़ा, वहीं जल संचय को लेकर प्रस्तुत माईम ने भी अपनी छाप छोड़ी, अखिल भारतीय स्कूल कैथल की नृत्यावली बेटी बचाओ-बेटी पढाओ पर आधारित थी, जिसके माध्यम से बेटियों द्वारा बाधाओं को तोड़कर ऊंचे मुकाम हासिल करने की उनकी कामयाब कौशिशें आम जन तक पहुंची। सीवन के स्टैपिंग स्टॉन इंटरनैशनल स्कूल की तमन्ना का राजस्थानी डांस, पंजाबी भंगड़ा, तथा हरियाणवी डांस ने दर्शकों से खूब तालियां बटोरी, तो सीवन की गीता स्कूल का हरियाणवी डांस भी लोगों के दिलों तक पहुंचा। इसके अलावा लव डांस अकादमी का हरियाणवी ड्यूट प्रशंसनीय था, तो महिपाल पठानिया द्वारा निर्देशित जल है तो कल है पर आधारित बिन पानी के पैदा होने वाली विषम हालातों को बयां करने वाला नाटक और उनकी मार्मिक प्रस्तुति एक संदेश दे गई कि जल नहीं होगा, तो हमारा कल बहुत ही डरावना होने वाला है। मंच संचालन पूर्व एआईपीआरओ महेंद्र खन्ना ने किया।
विधायक कुलवंत बाजीगर ने अपने संबोधन में कहा कि जिस तरह से जल के दोहन से भूमिगत जल स्तर निरंत नीचे जा रहा है। उसके चलते यदि समय रहते इस ओर महत्वपूर्ण और कारगर कदम नहीं उठाए गए तो, परिणाम घातक होंगे। उन्होंने कहा कि राहगिरी जैसा कार्यक्रम, जो आम जन को व्यस्त जीवन के बीच सुकून के कुछ पल दे गया वहीं जल बचाने का संदेश देते हुए आम आदमी को इस संदर्भ में एक चेतावनी भी देकर गया है कि अगर जल संरक्षण और संचय नहीं होगा, तो इसके परिणाम आने वाले दिनों में सुखद नहीं होने वाले। अत: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के जल शक्ति अभियान से समर्पित भाव से जुडें ताकि जल स्तर को ऊंचा कर सकें और आने वाली स्थिति से भी हम बचें। पुलिस अधीक्षक विरेंद्र विज ने कलाकारों को उनकी प्रस्तुति के लिए जहां सराहा, वहीं ये भी कहा कि पुलिस विभाग द्वारा काफी समय से नशा मुक्ति अभियान पूरे जिले में चलाया जा रहा है ताकि यहां के युवा जो नशे की चपेट मे हैं, उन्हें मुक्त किया जा सके और नशे की ओर अग्रसर हो रहे हैं, उन्हें वहीं रोके जाने की भरपूर कौशिश हो। उन्होंने कहा कि किशोरा अवस्था एक ऐसी उम्र है, जिसमें बच्चा ऊंची उड़ान भरने के लिए आनंद के नए-नए तरीकों को अपनाने की तलाश में रहता है, और जब नशे की गिरफ्त में आ जाता है, जो उसकी जिन्दगी न केवल तबाह-ओ-बरबाद हो जाती है, बल्कि पूरा परिवार ही अस्त-व्यस्त हो जाता है।
इससे पूर्व गुहला के उप पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने अभिनंदन करते हुए कार्यक्रम के संदर्भ में जानकारी दी तथा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान पर विस्तार से प्रकाश डाला। महिला थाना प्रभारी रेखा रानी तथा जिला संरक्षण अधिकारी सुनीता शर्मा का दुर्गा वाहिनी व बाल विवाह निशेध से संबंधित संदेश भी वहां मौजूद सभी लोगों के लिए प्रेरणादायी रहा। मनोचिकित्सक डॉ. प्रवेश ने नशाग्रस्त लोगों को नशामुक्त करने के विशेष टिप्स दिए। इस कार्यक्रम में अतिथियों व कलाकारों को सम्मानित करने के साथ-साथ एक नई स्वस्थ परम्परा को शुरू करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों में दो दिन से जुटी सफाई सैनिक महिलाओं को भी ग्राम पंचायत की तरफ से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डीएसपी कुलभूषण कृष्ण कुमार व कुलवंत सिंह, जिला सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी कृष्ण कुमार, बीडीपीओ कुमारी रोजी, जिला सरपंच एसोसिएशन के प्रधान सरदार गज्जन सिंह, भारतीय जनता पाटी की जिला उपाध्यक्ष शैली मुंजाल, भाजपा जिला सचिव संगीता, ब्लॉक समिति के अध्यक्ष अनिता, नरेश मुंजाल, रतिराम, खंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन शर्मा, गुहला के बीईओ प्रेम पुनिया, प्रदेश की सबसे युवा सरपंच प्रवीन कौर, जिला प्राईवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रधान राजेश मुंजाल, एलआर हुंडई के जीएम रोहित कालड़ा इत्यादि मौजूद रहे।
Post Now India Post Now India