कुरुक्षेत्र 29 मार्च: हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में पहली बार अभियान चलाकर 4 लाख 55 हजार नए मतदाताओं को सूचि में जोडक़र एक नया इतिहास बनाया है। इतना ही नही प्रदेश में पहली बार लोकसभा आम चुनाव 2019 में पुलिस कर्मचारियों के साथ-साथ चुनाव डयूटी में तैनात सभी कर्मचारी अपना वोट डाल सकेंगे। इसके लिए पोस्टल बैलेट की विशेष व्यवस्था की गई है। इतना ही नहीं हरियाणा में 12 अप्रैल को सायं 3 बजे तक पात्र व्यक्ति अपना वोट बनवा सकता है।
सीईओ राजीव रंजन शुक्रवार को पिपली पैराकीट में पानीपत, करनाल, कैथल, अम्बाला, पंचकूला, युमनानगर व कुरुक्षेत्र के जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों, एआरओ व अन्य सम्बन्धित अधिकारियों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार हरियाणा प्रदेश में 4 लाख 55 हजार नए मतदाताओं को सूचि में शामिल किया गया है और सम्भावना है कि 60 से 70 हजार और नए मतदाताओं को 12 अप्रैल सायं 3 बजे तक मतदाता सूचि में शामिल कर लिया जाएगा। प्रदेश में नए वोट बनाने के लिए नियमों को बहुत सरल बनाया गया है, अगर कोई व्यक्ति बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन या किसी पेड़ के नीचे भी रहता है, वह भी अपना वोट बनवा सकता है। वोट बनवाने के लिए कम से कम दस्तावेज चाहिए और एड्रैस प्रूफ की भी जरुरत नहीं है। सभी मतदाताओं से बार-बार अपील की जा रही है कि नया वोट बनवाते समय आवेदन पत्र में अपना मोबाईल नम्बर जरुर दर्ज करे और कोई भी मतदाता अपने वोट का स्टेटस निर्वाचन कार्यालय की वेबसाईट पर भी चैक कर सकता है।
उन्होंने कहा कि सभी निर्वाचन अधिकारी और एआरओ अपने-अपने क्षेत्र के बीएलओ के साथ मिटिंग करेंगे और पूरी निगरानी भी रखेंगे और जिन बीएलओ के पास मैन्यूल फार्म रखे हुए है, उन फामों का 30 मार्च तक डिजिटलाईजेशन करवाना सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी प्रदेश में स्वीप गतिविधियों को तेजी के साथ चलाएं, स्कूलों-कालेजों में मतदाता जागरुकता क्लबों, चुनाव पाठशालाओं और अन्य प्रचार-प्रसार के माध्यमों का प्रयोग करके 1 जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु के मतदाताओं का वोट बनवाना सुनिश्चित करे। इसके लिए बीएलओ को डोर-टू-डोर जाकर भी काम करना होगा। जो लोग नए वोट के लिए आवेदन कर चुके है उनको पहचान पत्र देने का काम शुरु कर दिया गया है और जो अभी आवेदन करेंगे उनको 1 या 2 मई तक पहचान पत्र दे दिए जाएंगे, सबसे जरुरी है मतदाता सूचि में नाम दर्ज करवाए, वोट डालने के लिए 11 तरह के दस्तावेजों को प्रयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन कार्यालयों में डुप्लीकेट पहचान पत्र बनवाने वाले की 25 रुपए फीस जमा करवाए, इस मामले में किसी व्यक्ति को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। इतना ही नहीं यू-टयूब चैनल को सभी अधिकारी सबसक्राईब करना सुनिश्चित करे क्योंकि ट्रेनिंग से सम्बन्धित सभी वीडियों इस पर अपलोड की जाएंगी।
सीईओ ने कहा कि पहली बार सीविजिल एप को लांच किया गया है, इसलिए इस एप पर शिकायतों का निपटारा 100 मिनट के अंदर करने के लिए पर्याप्त मात्रा में अधिकारियों की नियुक्ति की जाए और सभी लेखा, एमसीसी कमेटियां पोलिंग दिन तक काम करेंगी। पहली बार सेक्टर अधिकारी ईवीएम मशीन मतदान के दिन सुबह के समय दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी बूथों पर बिजली, पानी, शौचालयों के साथ-साथ अन्य व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए और सभी अधिकारी अपने-अपने जिलों से सम्बन्धित रिपोर्ट निर्धारित समय में ही पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कुरुक्षेत्र डा. एसएस फुलिया ने सीईओ राजीव रंजन सहित विभिन्न जिलों से आए अधिकारियों का स्वागत किया। इस मौके पर उपायुक्त करनाल विनय प्रताप सिंह, उपायुक्त पानीपत सुमेधा कटारिया, उपायुक्त कैथल प्रियंका सोनी, उपायुक्त अम्बाला शरणदीप बराड़, उपायुक्त यमुनानगर अन्ना तसनीम, पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी, एसपी करनाल सुरेन्द्र भौरियां, एसपी कैथल वसीम अकरम, एसपी अम्बाला मोहित सहित सभी जिलों से अधिकारी मौजूद थे।
शराब से भरे ट्रक की सीविजिल पर दे सकते फोटो सहित शिकायत
लोकसभा आम चुनाव 2019 को लेकर शराब से भरे ट्रक एक जगह से दूसरी जगह पर जा सकते है, इसलिए कोई भी व्यक्ति इन ट्रकों की फोटो खिंचकर सीविजिल एप पर डाल सकते है। इस एप पर शिकायत आते ही सम्बन्धित क्षेत्र के अधिकारी तुरंत कार्रवाई अमल में लाने का काम करेंगे। इतना ही नहीं कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नम्बर 1950 पर भी शिकायत और सूचना दे सकता है। इसके अलावा नेशनल ग्रिवेंस पर भी आनलाईन शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। सभी अधिकारी सीविजिल की शिकायतों पर पूरी निगरानी रखेंगे और 100 मिनट के अंदर शिकायतों का निपटारा करेंगे।
दिव्यांगों को पोलिंग स्टेशन तक पहुंचाने के लिए बनानी होगी योजना
सीईओ राजीव रंजन ने कहा कि सभी जिलों में दिव्यांगों की पहचान कर ली गई है, इसलिए अधिकारी दिव्यांगों की सुविधा के अनुसार बूथों तक लाने और ले जाने के लिए वाहनों की व्यवस्था करेंगे। इसके लिए अधिकारी अभी से ही पूरी योजना तैयार कर लेेंगे।
होमगार्ड के जवानों का डाटा शीघ्र भिजवाना करे सुनिश्चित
सभी अधिकारियों को आदेश दिए गए है कि अपने-अपने जिलों का होमगार्ड जवानों का डाटा शीघ्र हरियाणा निर्वाचन कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करेंगे। इस डाटा के अनुसार जवानों की डयूटी की कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।
ईवीएम और स्ट्रांग रुम रहेंगे वेब कास्टिंग की नजर में
सभी जिलों में ईवीएम और स्ट्रांग रुम कक्षों पर वेब कास्टिंग और सीसीटीवी कैमरों की पैनी निगाहे रहेंगी, इसलिए स्ट्रांग रुम और ईवीएम कक्षों पर तैनान अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैदी और ईमानदारी के साथ अपनी डयूटी का निर्वाह करेंगे, क्योंकि प्रत्येक क्षण की गतिविधि मुख्यालय में देखी जा सकती है। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
प्रदेश में आदर्श आचार संहिता उल्लघंना के दर्ज किए 474 मामले
सीईओ राजीव रंजन ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में अब तक आदर्श आचार संहिता की उल्लघंना करने के 474 मामले दर्ज किए गए है, इनमें से 100 मामलों का निपटारा कर दिया गया है। उन्होंने सभी एआरओ को आदेश दिए कि इन मामलों का शीघ्र अति शीघ्र निपटारा किया जाए, इस मामले में जरा सी भी लापरवाही न बरती जाए।
Post Now India Post Now India