कुरुक्षेत्र 7 अगस्त:अम्बाला मंडल की आयुक्त दीप्ति उमा शंकर ने कहा कि विधानसभा चुनावों से पहले कुरुक्षेत्र की चारों विधानसभा क्षेत्रों के बूथों का सम्बन्धित अधिकारी निरीक्षण करेंगे और वहां पर उपलब्ध सुविधाओं का आंकलन कर खामियों को समय रहते पूरा करवाने का काम करेंगे। इतना ही नहीं जिलें में स्वीप गतिविधियों के तहत मतदाताओं को जागरूक करने के साथ-साथ पात्र मतदाताओं के वोट बनवाने का कार्य भी किया जाए।
आयुक्त दीप्ति उमा शंकर ने बुधवार को डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर 3 के बूथों का औचक निरीक्षण करने के उपरांत अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इससे पहले आयुक्त दीप्ति उमाशंकर ने पिपली पैराकीट के सभागार में विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की एक बैठक ली और मतदाता सूचियों के कार्य को शीघ्र अति शीघ्र पूरा करने के आदेश भी दिए। इससे पहले उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने कुरुक्षेत्र जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि 15 जुलाई 2019 के अनुसार लाडवा विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 81 हजार 183, शाहबाद विस क्षेत्र में 1 लाख 60 हजार 32, थानेसर विस क्षेत्र में 1 लाख 88 हजार 962 और पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में 1 लाख 71हजार 884 मतदाताओं सहित जिले में कुल 7 लाख 2 हजार 61 है और जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा चलाएं गए विशेष अभियान द्वारा सभी बूथों पर फार्म 6 के 6 हजार 19, फार्म 7 के 1533, फार्म 8 के 1393 और फार्म 8-ए के 280 आवेदन प्राप्त हुए है। इनमें से 4929 फार्म नम्बर 6, फार्म नम्बर सात 1765 और 530 फार्म नम्बर 8 तथा 31 फार्म नम्बर 8ए को डिजीटाईज कर दिया गया है। इसके अलावा कुरुक्षेत्र जिले में पीडब्लयूडी के 6363 मतदाता है।
आयुक्त ने डीएवी स्कूल के बूथों का निरीक्षण करते हुए कहा कि स्कूल में दिव्यांगों के लिए रैम्प बनाए जाए और सभी विधानसभा क्षेत्रों के बूथों का निरीक्षण किया जाए तथा खामियों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इस मामले में लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। आयुक्त ने फार्म 7, फार्म 6, टोल फ्री नम्बर 1950 के साथ-साथ तमाम विषयों की रिपोर्ट लेने के उपरांत कहा कि सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि बूथों पर अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे और पात्र मतदाताओं के वोट बनवाने में प्रशासन का सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से लगातार सम्पर्क करके मतदाता सूचियों को अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों की तरह विधानसभा चुनावों को भी शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाना है। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त पार्थ गुप्ता, नगराधीश अनिल यादव, एसडीएम डा. संजय कुमार, एसडीएम राजीव, नायब तहसीलदार संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी और विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
Post Now India Post Now India